शहर में जलभराव और गंदगी से त्रस्त नागरिकों ने जिला कलैक्टर की निष्क्रियता पर जताया विरोध

229

हनुमानगढ़। हालिया बारिश के बाद हनुमानगढ़ शहर की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर नागरिकों और अधिवक्ताओं में भारी रोष देखने को मिल रहा है। कलैक्टर परिसर, कोर्ट परिसर, मैन बाजार, चूना फाटक, सतीपुरा ओवरब्रिज सहित कई इलाकों में जलभराव की गंभीर स्थिति बनी हुई है। शहर के सभी अंडरपास पानी से लबालब हैं, जिससे आमजन का आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। अधिवक्ता विक्रम बिश्नोई का आरोप है कि जब शहर जलमग्न है, तब जिले के मुखिया खेल के मैदान में खेल गतिविधियों में व्यस्त हैं। इसे लेकर नागरिकों ने कटाक्ष करते हुए कहा कि हनुमानगढ़ के कलैक्टर अपनी जिम्मेदारियों से आंखें मूंदे हुए मनोरंजन में लगे हैं, और जिले की जनता उन्हें इसके लिए “धन्यवाद” देती है। कलैक्ट्रेट परिसर की स्थिति भी किसी से छिपी नहीं है। सभी वाटर कूलर लंबे समय से बंद पड़े हैं, शौचालयों की हालत दयनीय है और परिसर में जगह-जगह मकड़ी के जाले और बदबू फैली हुई है। शहर में यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। गड्ढों में वाहन गिरने की घटनाएं आम हो गई हैं। हाल ही में नगराना के पास एक बस हादसे में कई लोगों की जान चली गई, जिसे लेकर जनता में प्रशासन के प्रति गहरा आक्रोश है। नागरिकों ने ज्ञापन के रूप में यह विरोध पत्र माननीय मुख्यमंत्री के नाम भेजा है और आशा जताई है कि राज्य सरकार इस स्थिति का संज्ञान लेते हुए हनुमानगढ़ की समस्याओं के शीघ्र समाधान हेतु उचित कदम उठाएगी। इस मौके पर अनिल शर्मा, सोहनलाल, विक्रम बिश्नोई, हरपाल सिंह, नवदीप कड़वासरा, यादेवेन्द्र सिंह सेखों व अन्य शहरवासी मौजूद थे।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।