स्मार्ट मीटरों के खिलाफ हनुमानगढ़ में माकपा का विरोध तेज

146

– मशाल जुलूस व सभा कर जनता से आंदोलन में शामिल होने की अपील
हनुमानगढ़। राज्य सरकार द्वारा लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों के खिलाफ भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) द्वारा हनुमानगढ़ टाउन में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। टिब्बी रोड स्थित जनशक्ति भवन से मशाल जुलूस निकालते हुए कार्यकर्ता सुभाष चौक व मुख्य मार्गों से होते हुए हिसारिया मार्केट पहुंचे, जहां एक नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए वरिष्ठ नेता और अधिवक्ता कामरेड रघुवीर वर्मा ने कहा कि स्मार्ट मीटर सीधे तौर पर जनता की जेब पर डाका हैं। यह मीटर जनता नहीं, बल्कि बड़ी कंपनियों को लाभ पहुंचाने के लिए लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर से न केवल बिजली के बिल अधिक आएंगे, बल्कि इनका रिचार्ज सिस्टम भी महंगा होगा, जिससे आम आदमी पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि हनुमानगढ़ में इन मीटरों की जांच के लिए कोई स्वतंत्र लैब नहीं है, जिससे उनकी गुणवत्ता और पारदर्शिता पर भी संदेह बना हुआ है।
कामरेड वर्मा ने कहा कि केवल ‘स्मार्ट’ नाम रख देने से कोई वस्तु स्मार्ट नहीं हो जाती। यह मीटर तो पूर्व में इस्तेमाल हो रहे इलेक्ट्रॉनिक मीटरों से भी खराब साबित हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि यह मीटर वाकई जनता के हित में होते, तो सरकार इनका प्रचार-प्रसार करती, लेकिन सरकार कंपनियों के दबाव में इन्हें जबरन थोप रही है।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।