ट्रंप ने भारत पर टैरिफ और पेनल्टी लगाकर, अब की पाकिस्तान के साथ बड़ी डील

675

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने भारत पर 25 प्रतिशत टैरिफ और अतिरिक्त पेनल्टी लगाने की घोषणा करने के बाद एकबार फिर ऐसा कुछ किया जिससे भारत वाले हैरान बिल्कुल नहीं हुए होंगे। दरअसल, भारत पर 25 प्रतिशत टैरिफ  के बाद, कुछ ही घंटों बाद ट्रंप ने पाकिस्तान को लेकर भी एक घोषणा की। उन्होंने कहा है कि अमेरिका और पाकिस्तान के बीच एक नया व्यापार समझौता (US Pakistan Deal) हुआ है। ताकि दोनों देशों के तेल के भंडारों को विकसित किया जा सके।

हमेशा की तरह ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया पर लिखा- हमने अभी-अभी पाकिस्तान के साथ एक समझौता किया है, जिसके तहत पाकिस्तान और अमेरिका अपने विशाल तेल भंडारों के विकास पर मिलकर काम करेंगे। हम उस तेल कंपनी का चयन कर रहे हैं जो इस साझेदारी का नेतृत्व करेगी। ट्रंप के इस बयान के बाद पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहनवाज शरीफ ने डोनाल्ड ट्रंप का अभार व्यक्त किया।

ये भी पढ़ें: “मित्र तो हैं, लेकिन…” ट्रंप ने भारत पर लगाया 25% टैरिफ और अतिरिक्त जुर्माना

कौन जाने, हो सकता है कि वो किसी दिन भारत को भी तेल बेच दें! ये ही नहीं ट्रंप ने इसी पोस्ट में उन्होंने टैरिफ को लेकर चल रही बातचीत पर लिखा- कई देश टैरिफ में कमी के प्रस्ताव दे रहे हैं। इन सब से व्यापार के घाटे को काफी हद तक कम करने में मदद मिलेगी। उचित समय पर एक पूरी रिपोर्ट जारी की जाएगी।

भारत पर पेनल्टी क्यों लगाई?
ट्रंप ने कहा कि भारत पर पेनल्टी भी लगेगी क्योंकि वो रूस से लगातार सैन्य उपकरण खरीद रहा है। ट्रंप के फैसले की विपक्षी नेताओं ने निंदा की, तो सत्तारूढ़ नेताओं ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया। मामले पर भारत सरकार ने भी अपना रुख साफ किया है। 30 जुलाई को जारी PIB की एक प्रेस रिलीज में केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने कहा, सरकार ने द्विपक्षीय व्यापार के विषय पर अमेरिकी राष्ट्रपति के बयान का संज्ञान लिया है। सरकार इसके संभावित प्रभावों का अध्ययन कर रही है। भारत और अमेरिका पिछले कुछ महीनों से एक निष्पक्ष, संतुलित और आपसी तौर पर फायदेमंद व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के लिए बातचीत कर रहे हैं। हम इस उद्देश्य के लिए प्रतिबद्ध हैं।

व्हाट्सऐप चैनल से जुड़ें, ताकि ऐसी ज़रूरी खबरें आप तक तुरंत पहुंचें। [यहां क्लिक करें]

वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने कहा है कि सरकार अमेरिका के साथ एक सफल व्यापार समझौते तक पहुंचने के लिए बात कर रही है। मंत्रालय ने ये भी साफ किया है कि जैसे ब्रिटेन के साथ व्यापार समझौते में सफलता मिली थी, उसी तरह अमेरिका के साथ भी समझौता करने की दिशा में काम किया जा रहा है।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।