-ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग पूरी
हनुमानगढ़। निकटवर्ती गांव सतीपुरा में श्मशान भूमि की चारदीवारी का लोकार्पण किया गया। यह लोकार्पण समारोह विधायक गणेशराज बंसल, पूर्व जिला परिषद डायरेक्टर सुनीता बराड़, पूर्व सरपंच लखवीर सिंह, सरपंच प्रतिनिधि गुरलाल सिंह, पूर्व सरपंच रविन्द्र सिंह, सरपंच रेशम सिंह, गुरूद्वारा प्रधान मलकीत सिंह, निर्मल सिंह तथा समस्त ग्रामीणों की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। ग्रामीणों ने बताया कि यह चारदीवारी गांव की एक बड़ी और लम्बे समय से लंबित मांग थी, जो अब जाकर पूरी हुई है।
पूर्व सरपंच लखवीर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले करीब 20 वर्षों से श्मशान भूमि की चारदीवारी का निर्माण गांव की मुख्य समस्या बनी हुई थी। कई सरपंचों ने इस कार्य को पूरा करवाने के प्रयास किए, लेकिन किसी भी जनप्रतिनिधि ने इस ओर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया। गांव के लोगों की यह मांग हमेशा अधूरी ही रही। परंतु विधायक गणेशराज बंसल ने इसे प्राथमिकता देते हुए तत्काल प्रभाव से विधायक कोटे से 25 लाख रुपये का बजट स्वीकृत कर दिया, जिसके परिणामस्वरूप आज यह चारदीवारी बनकर तैयार हो चुकी है।
उन्होंने बताया कि विधायक बंसल ने न केवल चारदीवारी का कार्य पूरा करवाया बल्कि पशुओं के पीने के पानी की समस्या को देखते हुए अपने निजी खर्च से 3 लाख रुपये की लागत से पाइपलाइन बिछवाने के लिए भी सहयोग दिया।
विधायक गणेशराज बंसल ने समारोह में उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि गांव की समस्याओं का समाधान करवाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पैसा उन्होंने व्यक्तिगत रूप से नहीं दिया बल्कि यह जनता का अपना पैसा है, जिसे विधायक केवल माध्यम बनकर विकास कार्यों में लगाते हैं। उन्होंने कहा कि जनता ने उन्हें विधायक बनाकर जो विश्वास जताया है, उसी कारण वे इस तरह के विकास कार्य कर पा रहे हैं। बंसल ने यह भी कहा कि वे चाहते हैं कि गांव का हर व्यक्ति विकास कार्यों का लाभ ले और ग्रामीण सुविधाओं से वंचित न रहें। श्मशान भूमि की चारदीवारी का निर्माण इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































