-दोषी को फांसी व परिवार को 50 लाख मुआवजा देने की मांग, आंदोलन की दी चेतावनी
हनुमानगढ़। टाउन में हुई 9 वर्षीय नाबालिग बच्ची शिवानी की नृशंस हत्या के मामले को लेकर अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति जिला कमेटी हनुमानगढ़ ने कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है। समिति ने मुख्यमंत्री के नाम टाउन थानाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए दोषी को फांसी की सजा दिलाने तथा मृतका के परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की है। समिति ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई नहीं की तो उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।
समिति ने अपने ज्ञापन में लिखा कि शिवानी की हत्या उसके पिता के मामा द्वारा की गई और शव को संदूक में छिपाकर रखा गया। आमजन के दबाव के बाद ही पुलिस हत्यारे तक पहुंच सकी। महिला समिति ने पुलिस की ढिलाई पर भी सवाल उठाए और कहा कि यदि जांच में एक-दो दिन की और देरी हो जाती तो आरोपी शव को ठिकाने लगा देता और यह हत्या हमेशा के लिए रहस्य बनकर रह जाती। समिति की सदस्य चन्द्रकला वर्मा, सर्वजीत कौर, सगीता मंडल और कविता रायसिख ने मृतका के परिवार से मिलकर घटना की पूरी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यह घटना प्रदेशभर में हो रही ऐसी वारदातों की श्रृंखला का हिस्सा है, जिन पर पुलिस और सरकार ठोस कदम नहीं उठा पा रही है। महिला समिति ने कहा कि “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” जैसे नारे इस तरह की घटनाओं के सामने पूरी तरह बेमानी साबित हो रहे हैं। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि कुछ लोग समाज में बच्चियों के बढ़ते फैशन और मोबाइल के उपयोग को ऐसी घटनाओं का कारण बताते हैं, जबकि शिवानी जैसी मासूम बच्ची तो महज 9 वर्ष की थी। उसका क्या दोष था? यह सवाल समाज और सरकार दोनों के सामने खड़ा है। महिला समिति ने मांग की कि राज्य सरकार इस मुकदमे की पैरवी मजबूती से करे और त्वरित अदालत में सुनवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही दोषी को सख्त से सख्त सजा, यानि फांसी की सजा दी जाए। इसके अतिरिक्त शिवानी के परिवार को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता तुरंत प्रदान की जाए ताकि वे इस दुःख की घड़ी में संभल सकें। समिति ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे आंदोलन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस दौरान समिति की ओर से राज्य उपाध्यक्ष चन्द्रकला वर्मा, राज्य कमेटी सदस्य सर्वजीत कौर, जिला अध्यक्ष सगीता मंडल और जिला कमेटी सदस्य कविता रायसिख मौजूद रही।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































