-मेधावी छात्राओं को मिला सम्मान, सरपंच ने विद्यालय विकास की घोषणा की
हनुमानगढ़। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लीलांवाली में रविवार को प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। समारोह की अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाचार्य सुश्री नेहा पारीक ने की, जबकि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत लीलांवाली के सरपंच ब्रहमदेव मेघवाल एवं विशिष्ट अतिथि पंचायत समिति सदस्य सुश्री मीरा रही।
समारोह की शुरुआत अतिथियों के स्वागत एवं पुष्प गुच्छ भेंट कर की गई। इस अवसर पर सरपंच ब्रहमदेव मेघवाल ने विद्यालय परिसर में चौके लगवाने की घोषणा कर विद्यालय परिवार को नई सौगात दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचल में शिक्षा के स्तर को ऊँचा उठाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है और प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं का सम्मान उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने का कार्य करता है। कार्यक्रम में विशेष रूप से मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया गया। विद्यालय की दो छात्राएँ दीपिका और अंजु कुल्हरिया, जिन्होंने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए, उन्हें विद्यालय परिवार की ओर से चाँदी के सिक्कों से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही विद्यालय के पुस्तकालयाध्यक्ष अमरचंद घारू द्वारा 85 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित करने वाली तीन छात्राओं दीपिका, अंजु और शीतल को प्रोत्साहन स्वरूप 3300 रुपये (प्रत्येक को 1100 रुपये) प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह में मिठाई एवं जलपान की व्यवस्था गांव के भामाशाह मिल्खराज धूड़िया द्वारा की गई। इस मौके पर विद्यालय की प्रधानाचार्य ने मुख्य अतिथि सरपंच श्री ब्रहमदेव मेघवाल, विशिष्ट अतिथि पंचायत समिति सदस्य सुश्री मीरा, तथा भामाशाह श्री मनीराम गोदारा एवं श्री सुभाषचंद गोदारा को सम्मान प्रतीक भेंट कर सम्मानित किया। प्रधानाचार्य सुश्री नेहा पारीक ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को नई ऊर्जा देते हैं और शिक्षा के प्रति उनकी रुचि को प्रोत्साहित करते हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई कर विद्यालय व क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया। समारोह में विद्यालय स्टाफ, छात्र-छात्राएँ तथा ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने मेधावी छात्राओं की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त किया और उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी। इस अवसर पर ग्रामीणों ने विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































