सिंधी समाज ने नयन सनतानी हत्याकांड पर जताया रोष

184

-राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन, दोषियों को कठोर दंड दिलाने की मांग
हनुमानगढ़। अहमदाबाद के 7जी डे हायर सेकेंडरी स्कूल में 10वीं कक्षा के छात्र नयन गिरिश कुमार सनतानी की एक सहपाठी द्वारा चाकू घोंपकर की गई निर्मम हत्या के मामले में पूरे देशभर में आक्रोश व्याप्त है। इसी क्रम में अखिल भारतीय सिंधी समाज (रजि.) के राष्ट्रीय खेमचंद तेजवानी के नेतृत्व में सोमवार को महामहिम राष्ट्रपति महोदया को जिला कलक्टर मार्फत ज्ञापन भेजकर इस जघन्य अपराध के दोषियों को कठोरतम सजा दिलाने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया है कि नयन सनतानी की हत्या केवल एक परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे सिंधी समाज और देश के लिए दिल दहला देने वाली घटना है। समाज ने इस निर्मम कृत्य की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि दोषियों और लापरवाह स्कूल प्रशासन के खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। समाज ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि समय रहते दोषियों को सजा नहीं मिली तो इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति से इनकार नहीं किया जा सकता।
राष्ट्रीय संरक्षक खेमचंद तेजवानी ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि अखिल भारतीय सिंधी समाज (रजि.) पीड़ित परिवार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। उन्होंने कहा कि समाज इस संघर्ष में हर संभव सहयोग करेगा और तब तक चौन से नहीं बैठेगा जब तक नयन को न्याय नहीं मिल जाता।
ज्ञापन में मांग की गई कि स्कूल प्रशासन की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच की जाए। यदि लापरवाही पाई जाती है तो जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि शिक्षा संस्थान अपनी जिम्मेदारियों से विमुख न हो सकें। साथ ही दोषी छात्र को कठोरतम दंड दिलाकर एक मिसाल पेश की जाए, जिससे भविष्य में कोई भी ऐसी दुस्साहसिक हरकत करने का साहस न जुटा सके।

पंचदूत अब व्हाट्सएप चैनल पर उपलब्ध है। लिंक पर क्लिक करें और अपने चैट पर पंचदूत की सभी ताज़ा खबरें पाएं।