ग्रेटर नोएडा की निक्की की संदिग्ध (Nikki Murder News) मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। दहेज हत्या का आरोप झेल रहे निक्की के पति विपिन भाटी और उसके परिवार के खिलाफ जिस केस में सख्त आरोप लगाए जा रहे थे, उसमें अब उसके चचेरे भाई देवेंद्र का बयान सामने आया है। देवेंद्र वही शख्स है जिसने निक्की को जली हालत में अस्पताल पहुंचाया था। उसका दावा है कि इस घटना की असली कहानी कुछ और है और निक्की ने खुद को आग लगाई थी।
देवेंद्र का बड़ा दावा
देवेंद्र के मुताबिक घटना के वक्त घर के बाहर ही सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। शाम करीब 5:40 बजे की फुटेज में साफ दिख रहा है कि उस समय विपिन और उसका पांच साल का बेटा दुकान के बाहर मौजूद थे। यानी हादसे के दौरान घर के भीतर सिर्फ निक्की और उसकी बहन कंचन थीं। अचानक चीख-पुकार मचने पर जब विपिन अंदर भागा, तो निक्की आग में झुलस चुकी थी। देवेंद्र का कहना है कि निक्की उस वक्त बार-बार कह रही थी कि उससे गलती हो गई है और उसे बचा लिया जाए।
अस्पताल में दिया था अलग बयान
देवेंद्र ने बताया कि निक्की को फौरन चादर में लपेटकर नीचे लाया गया और फिर गाड़ी से अस्पताल ले जाया गया। कार चलाने की हालत में विपिन नहीं था, इसलिए देवेंद्र ने खुद गाड़ी चलाई। उसके साथ गाड़ी में विपिन के पिता सतवीर और मां दयावती भी मौजूद थे। अस्पताल पहुंचने पर जब डॉक्टर ने निक्की से पूछा कि आग कैसे लगी, तो उसने जवाब दिया कि रसोई में सिलेंडर फटने से हादसा हुआ। यही बयान अस्पताल के रिकॉर्ड में दर्ज भी है।

कंचन के वीडियो पर उठे सवाल
देवेंद्र ने कंचन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसने पुराने वीडियो एडिट करके सोशल मीडिया पर डाले हैं। फरवरी में हुए एक झगड़े का वीडियो उसने मिलाकर यह दिखाने की कोशिश की कि निक्की को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। जबकि सच यह है कि उस झगड़े के बाद भी मामला सुलझा लिया गया था। देवेंद्र का कहना है कि कंचन ने जानबूझकर तथ्यों को तोड़ा-मरोड़ा है और उसके वीडियो एकतरफा कहानी दिखाते हैं।
ये भी पढ़ें: जोधपुर दहेज कांड: 3 साल की बेटी संग कुर्सी पर बैठी मां ने खुद को लगाई आग
पार्लर विवाद से बिगड़े थे रिश्ते
परिवार के नजदीकी सूत्रों का कहना है कि फरवरी में निक्की और कंचन एक मेकअप प्रोग्राम में गई थीं। विपिन और उसके परिवार को बाहर जाकर काम करने पर ऐतराज था। इस पर दोनों के बीच कहासुनी हुई और झगड़ा इतना बढ़ा कि निक्की ने गुस्से में पार्लर की कैंची से विपिन पर हमला कर दिया। इस झगड़े का वीडियो भी वायरल हुआ, लेकिन उसमें सिर्फ चुने हुए हिस्से दिखाए गए।
ये भी पढ़ें: Nikki Murder Case: क्या विपिन ने जलाकर नहीं मारा, कंचन झूठ बोल रही है? निक्की मर्डर हुए कई खुलासे
पुलिस जांच जारी
देवेंद्र का दावा है कि उसने सीसीटीवी फुटेज, अस्पताल का रिकॉर्ड और वीडियो के मूल रूप पुलिस को सौंप दिए हैं। अब पुलिस इन सबूतों की जांच कर रही है। वहीं, निक्की का मायका पक्ष लगातार यह आरोप लगा रहा है कि निक्की को दहेज के लिए प्रताड़ित कर जला दिया गया।
यह मामला अब पूरी तरह से सबूतों और जांच पर टिका है। एक तरफ मायके वाले दहेज हत्या का आरोप दोहरा रहे हैं, तो दूसरी ओर पति का परिवार और चश्मदीद गवाह देवेंद्र इसे आत्महत्या करार दे रहे हैं। सच्चाई क्या है, यह पुलिस जांच के बाद ही साफ हो सकेगा।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































