-गणपति स्थापना काशी विश्वनाथ महादेव मंदिर में विधिविधान से सम्पन्न
हनुमानगढ़। श्री नीलकंठ महादेव सेवा प्रन्यास हनुमानगढ़ द्वारा तीसरे गणेश महोत्सव का शुभारंभ बड़ी ही श्रद्धा और धूमधाम के साथ किया गया। इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं में उत्साह और आस्था का अनोखा संगम देखने को मिला। गणेश महोत्सव के तहत बुधवार को गणपति स्थापना काशी विश्वनाथ महादेव मंदिर में पूरे वैदिक मंत्रोच्चारण एवं विधिविधान के साथ सम्पन्न हुई। पूजन का नेतृत्व पंडित धर्मेन्द्र शास्त्री ने किया। इस अवसर पर मुख्य यजमान के रूप में अश्विनी नारंग ने सपत्नी भगवान श्री गणेश की प्रतिमा का स्थापना पूजन कर महोत्सव की शुरुआत की।
मंदिर परिसर गणपति बप्पा मोरया के जयघोष से गूंज उठा। भक्तों ने मंगल गीत और भजनों के माध्यम से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। गणेश स्थापना के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिन्होंने आरती और पूजन में भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया। प्रन्यास अध्यक्ष अश्विनी नांरग ने बताया कि गणेश महोत्सव के दौरान प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इनमें भजन संध्या, प्रवचन, संकीर्तन और आरती प्रमुख आकर्षण रहेंगे। वहीं, बच्चों और महिलाओं के लिए विशेष प्रतियोगिताओं का भी आयोजन होगा, जिससे हर वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित की जा सके।
नांरग ने कहा कि गणेश उत्सव केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं बल्कि समाज को एकजुट करने का माध्यम भी है। भगवान गणेश को विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता कहा जाता है। उनका पूजन जीवन से बाधाओं को दूर कर सुख-समृद्धि और शांति प्रदान करता है।
इस मौके पर चिमन मित्तल बब्बू, सुरेन्द्र गाड़ी, महावीर शर्मा, रामचन्द्र बाघला, भीष्म कौशिक, अनिल शर्मा, विजय भूतना, शिव नारंग, महेन्द्र,दौलतराम शाक्य, मन्दिर महिला मण्डल की सदस्यों सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































