चक 10 एमओडी में बारिश ने बरपाया कहर, एक दर्जन से अधिक मकानों की छतें गिरीं

122

– दो लोग घायल, भूखे-प्यासे खुले आसमान के नीचे बैठे ग्रामीणों ने प्रशासन पर लगाया लापरवाही का आरोप
हनुमानगढ़। जिले के विधानसभा क्षेत्र के चक 10 एमओडी में शनिवार देर रात हुई मूसलाधार बारिश ने कहर बरपाया। गांव में एक दर्जन से अधिक मकानों की छतें भरभराकर गिर गईं। हादसे में दो लोग घायल हो गए, जबकि कई परिवारों का घरेलू सामान मलबे में दब गया। बच्चों के सुरक्षित बच जाने से बड़ी राहत मिली, लेकिन ग्रामीण अब खुले आसमान के नीचे भूखे-प्यासे रहने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद भी प्रशासन का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।
ग्रामीण फौजी सिंह ने बताया कि शनिवार रात करीब 11 बजे के बाद बारिश का दौर तेज हुआ। लगातार होती बारिश के कारण कच्चे मकानों की दीवारें और छतें कमजोर होकर गिर गईं। उन्होंने कहा कि छत गिरने के समय लोग अंदर ही बैठे थे, जिससे दो लोगों के हाथ और मुंह पर चोटें आईं। हालांकि बच्चों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। ग्रामीणों ने बताया कि भारी बारिश के चलते घरों का पूरा सामान अंदर ही दब गया। खाने-पीने की वस्तुएं भी खराब हो गईं।
रविवार सुबह तक भी प्रभावित परिवारों की कोई सुध नहीं ली गई। ग्रामीणों ने कहा कि न तो प्रशासनिक अधिकारी और न ही पंचायत प्रतिनिधि मदद के लिए पहुंचे। छत गिरने के बाद से ही लोग अपने घरों के बाहर और गांव के खुले स्थानों पर शरण लिए हुए हैं। कई परिवार तो रातभर भूखे-प्यासे ही बैठे रहे। ग्रामीणों का कहना है कि छोटे बच्चों और बुजुर्गों को ठंडी हवाओं और मच्छरों से बचाना बड़ी चुनौती बन गया है।
हालात की जानकारी मिलने पर जिला परिषद डायरेक्टर मनीष मक्कासर रविवार सुबह गांव पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति का जायजा लिया। मक्कासर ने बताया कि उन्होंने प्रशासन को घटना की जानकारी दे दी है और गरीब परिवारों को अतिवृष्टि के कारण हुए नुकसान का मुआवजा दिलाने की मांग की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि प्रशासन की ओर से शीघ्र कार्रवाई नहीं की जाती है तो आंदोलन करने पर भी विचार किया जाएगा।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।