
-नवरात्रि मेले से पहले सड़क निर्माण की मांग पर जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा
हनुमानगढ़। भद्रकाली अमरपुरा थेहड़ी गांव के ग्रामीणों ने आज जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर गांव में स्थित ऐतिहासिक माता भद्रकाली मंदिर तक जाने वाली मुख्य सड़क को शीघ्र दुरुस्त करने की मांग की। सरपंच रोहित स्वामी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने बताया कि मंदिर तक जाने वाली सड़क पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं जिनमें बरसात का पानी भरा हुआ है। इसके कारण प्रतिदिन राहगीरों और श्रद्धालुओं को दुर्घटनाओं का सामना करना पड़ रहा है।
गौरतलब है कि गांव का भद्रकाली मंदिर धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां प्रति वर्ष नवरात्रि के पावन अवसर पर विशाल मेला आयोजित होता है, जिसमें हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इस वर्ष 22 सितम्बर 2025 से नवरात्रि प्रारंभ हो रही है। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि यदि मंदिर मार्ग की सड़क समय रहते दुरुस्त नहीं हुई तो मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क का टेंडर एक वर्ष पहले ही जारी हो चुका है, लेकिन पीडब्ल्यूडी विभाग मनमानी कर रहा है और कार्य शुरू नहीं किया गया है। नवरात्रि जैसे बड़े पर्व से पहले यदि निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ तो यह न केवल श्रद्धालुओं के लिए असुविधा का कारण बनेगा बल्कि प्रशासन की छवि पर भी प्रश्नचिह्न खड़ा करेगा।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की कि सड़क निर्माण कार्य को तत्काल शुरू करवाया जाए और ठेकेदार को जिम्मेदारी से काम करने के निर्देश दिए जाएं। उन्होंने कहा कि मंदिर मार्ग की सड़क बनने से न केवल श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी बल्कि पूरे क्षेत्र का विकास भी संभव होगा।
इस अवसर पर सरपंच रोहित स्वामी ने कहा कि गांव की जनता लंबे समय से इस सड़क की मरम्मत की मांग कर रही है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी खराब हो गई है। अगर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो ग्रामीण आंदोलन का सहारा लेने को मजबूर होंगे। ज्ञापन सौंपने वालों में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन उनकी मांग पर गंभीरता से विचार करेगा और नवरात्रि से पहले सड़क का निर्माण कार्य पूरा कराकर श्रद्धालुओं को राहत दिलाएगा। इस मौके पर विपिन स्वामी, हरमनप्रीत सिंह, पीयूष मोंगा, गुरप्रीत सिंह बराड़, मनप्रीत सिंह, जसपाल सिंह, जसप्रीत सिंह ढिल्लो, विक्रम सिंह, सोनू, सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































