संजय कपूर की 30 हजार करोड़ की प्रॉपर्टी पर बवाल, करिश्मा कपूर पहुंची कोर्ट, जानें पूरा मामला?

संजय कपूर की सोना कॉमस्टार कंपनी का बिजनेस 3.6 अरब डॉलर का है, जिसका ज्यादातर हिस्सा उन्हें अपने पिता से विरासत में मिला था। उनकी कुल संपत्ति 30 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की है

549

बॉलीवुड एक्ट्रेस करिश्मा कपूर (Karisma Kapoor) के बच्चे समायरा और कियान ने पिता संजय कपूर की करीब 30 हजार करोड़ की संपत्ति में हिस्सा मांगते हुए मंगलवार को दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। बुधवार को इस मामले की सुनवाई हुई, जिसमें हाईकोर्ट ने संजय कपूर की पत्नी और बच्चों की सौतेली मां प्रिया कपूर से पूरी संपत्ति का ब्योरा पेश करने के आदेश दिए हैं। अब इस केस की अगली सुनवाई दो हफ्ते बाद होगी।

बच्चों का आरोप, नकली वसीयत से किया गया बाहर
करिश्मा कपूर के बच्चों ने अपनी याचिका में दावा किया कि उनकी सौतेली मां प्रिया कपूर ने एक फर्जी वसीयत तैयार की है, जिसमें उनका कहीं जिक्र नहीं है। उनका आरोप है कि इस वसीयत के जरिए प्रिया कपूर पूरी संपत्ति पर कब्जा करना चाहती हैं।

बच्चों की ओर से पेश सीनियर एडवोकेट महेश जेठमलानी ने कोर्ट में कहा कि संजय कपूर की वसीयत परिवार को कभी दिखाई ही नहीं गई। वसीयत के एक्जीक्यूटर ने भी माना कि उन्हें इसके बारे में पढ़ने से सिर्फ एक दिन पहले ही जानकारी दी गई थी। वसीयत को जल्दबाजी में ताज होटल में पढ़ा गया और इससे जुड़ी कई अहम जानकारियां जैसे ट्रस्ट डीड छिपाई गईं।

कोर्ट ने जताई शंका, मांगा पूरा विवरण
एडवोकेट जेठमलानी ने कोर्ट को बताया कि इस वसीयत को लेकर कई संदिग्ध हालात हैं, जो धोखाधड़ी की आशंका को गहरा करते हैं। अदालत ने भी इस मामले को गंभीर मानते हुए सभी पक्षों को नोटिस जारी किया है और प्रिया कपूर से कहा है कि वे दो हफ्तों के भीतर चल और अचल संपत्तियों की पूरी लिस्ट कोर्ट में जमा करें।

प्रिया कपूर की दलील
वहीं प्रिया कपूर की तरफ से पेश सीनियर एडवोकेट राजीव नायर ने अदालत में कहा कि यह मुकदमा कानूनी रूप से टिकाऊ नहीं है और इसे आगे बढ़ाने का कोई आधार नहीं है।

पंचदूत अब व्हाट्सएप चैनल पर उपलब्ध है। लिंक पर क्लिक करें और अपने चैट पर पंचदूत की सभी ताज़ा खबरें पाएं।

अगली सुनवाई में होगा बड़ा फैसला
कोर्ट ने निर्देश दिया है कि दो हफ्तों में सभी पक्ष लिखित जवाब दाखिल करें और उसके एक हफ्ते बाद रिप्लाई फाइल किया जाए। अगली सुनवाई में यह तय होगा कि संजय कपूर की वसीयत असली है या फर्जी, और क्या समायरा व कियान को अपने पिता की संपत्ति में कानूनी अधिकार मिलेगा या नहीं।

कैसे हुई संजय कपूर की मौत?
संजय कपूर की मौत 12 जून 2025 को यूके में तब हुई थी, जब वो पोलो खेल रहे थे। 53 साल के संजय कपूर की मौत के लिए पहले मधुमक्खी को जिम्मेदार बताया गया। कहा गया कि उनके मुंह में पोलो खेलते हुए मधुमक्खी घुस गई थी, जिसके बाद उन्हें दिल का दौरा पड़ा और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि कुछ दिन बाद उनकी पत्नी ने बताया कि लेफ्ट वेंट्रिकुलर हाइपरट्रॉफी (एलवीएच) के चलते उनकी मौत हुई थी, यानी वो दिल की बीमारी से जूझ रहे थे।

संजय कपूर के बच्चे

  • पहली पत्नी नंदिता महतानी से कोई बच्चा नहीं है।
  • दूसरी पत्नी करिश्मा कपूर के दो बच्चे हैं – समायरा और कियान
  • तीसरी पत्नी प्रिया सचदेव से एक बच्चा है – अजारियस
  • प्रिया ने संजय से पहले विक्रम चटवाल से शादी की थी, जिससे उनकी एक बेटी है, जिसका नाम सफीरा है
  • संजय ने प्रिया सचदेव की पहली शादी की बेटी सफीरा को भी गोद ले लिया था

कितनी संपत्ति पीछे छोड़ गए संजय?
संजय कपूर की सोना कॉमस्टार कंपनी का बिजनेस 3.6 अरब डॉलर का है, जिसका ज्यादातर हिस्सा उन्हें अपने पिता से विरासत में मिला था। उनकी कुल संपत्ति 30 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की है, जिसे लेकर अब विवाद शुरू हो चुका है। संजय कपूर की संपत्ति के एक या दो नहीं बल्कि कई दावेदार हैं।