असम में भूमि घोटाले (Assam Land Scam) के एक बड़े मामले में असम सिविल सेवा (ACS) की अधिकारी नूपुर बोरा को गिरफ्तार किया गया है। वह फिलहाल पुलिस कस्टडी में हैं। नूपुर पर आरोप है कि उन्होंने बारपेटा जिले में तैनाती के दौरान हिंदू परिवारों और धार्मिक ट्रस्टों की जमीन को अवैध रूप से संदिग्ध व्यक्तियों के नाम ट्रांसफर किया। इस खुलासे ने राज्य की राजनीति और प्रशासन दोनों में हलचल मचा दी है।
घर से करोड़ों की संपत्ति बरामद
जांच टीम ने उनके आवास पर छापा मारा तो 90 लाख रुपये से ज्यादा नकदी और करीब 1 करोड़ रुपये मूल्य का सोना बरामद किया गया। कुल बरामद संपत्ति लगभग 2 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि एक सरकारी अफसर के पास इतनी बड़ी निजी संपत्ति होना गंभीर सवाल खड़े करता है।
कौन हैं नूपुर बोरा?
- नूपुर बोरा 2019 बैच की असम सिविल सेवा (ACS) अधिकारी हैं।
- उनका जन्म गोलाघाट जिले में हुआ था।
- वह कामरूप जिले के गोरोइमारी इलाके में सर्किल ऑफिसर के पद पर कार्यरत थीं।
- उन्होंने गुवाहाटी यूनिवर्सिटी से अंग्रेजी साहित्य में डिग्री हासिल की और कॉटन कॉलेज से भी पढ़ाई की।
- सिविल सेवा से पहले वे जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में व्याख्याता थीं।

नूपुर बोरा पर लगे जमीन घोटाले के आरोप
सूत्रों के मुताबिक, नूपुर बोरा ने बारपेटा जिले में तैनाती के दौरान सरकारी और धार्मिक ट्रस्टों की करोड़ों की जमीन अवैध रूप से बेची। यह भी आरोप है कि इन जमीनों का बड़ा हिस्सा हिंदू परिवारों से लेकर कथित रूप से मुस्लिम खरीदारों के नाम ट्रांसफर किया गया।
सीएम हिमंत का कड़ा रुख
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने इस मामले को गंभीर मानते हुए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) गठित करने का आदेश दिया है। SIT इस बात की जांच कर रही है कि:
- नूपुर बोरा के पास इतनी बड़ी संपत्ति कहां से आई?
- किन-किन लोगों को गैर-कानूनी फायदा पहुंचाया गया?
- क्या इस पूरे घोटाले में और भी अधिकारी शामिल हैं?
आगे की कार्रवाई
फिलहाल नूपुर बोरा पुलिस हिरासत में हैं और उनसे पूछताछ जारी है। SIT ने उनके वित्तीय लेन-देन, जमीन ट्रांसफर के दस्तावेज और बैंक खातों की जांच शुरू कर दी है। इस मामले में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































