मांस और हड्डियों से बजबजा रहे कचरा पात्र पर विरोध तेज

143

-दुकानदारों व नागरिकों ने जताया आक्रोश, अवैध मांस दुकानों को हटाने की मांग
हनुमानगढ़। नगरपरिषद द्वारा स्वच्छता व्यवस्था सुधारने के उद्देश्य से बनाए गए कचरा पात्र अब विवाद का कारण बन गए हैं। जंक्शन क्षेत्र की अरोड़वंश धर्मशाला के पास स्थित कचरा पात्र में मांस विक्रेताओं द्वारा खुलेआम मांस और हड्डियां फेंकी जा रही हैं। इससे जहां आसपास का वातावरण दूषित हो रहा है, वहीं क्षेत्र के दुकानदारों और निवासियों को दुर्गंध व अस्वच्छता का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि लाखों की लागत से बनाए गए कचरा पात्र का उद्देश्य शहर को साफ-सुथरा रखना था, लेकिन मांस व हड्डियों के निस्तारण के कारण यह परेशानी का सबब बन गया है। दिनभर बदबू फैली रहती है और शाम होते ही सैकड़ों आवारा कुत्ते यहां जुट जाते हैं। कुत्तों की भीड़ से राहगीरों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। आक्रोशित लोगों ने कचरा पात्र पर ताला जड़ दिया और इसे हटाने की मांग की।
आसपास के दुकानदारों का कहना है कि लगातार विरोध व शिकायत के बावजूद नगरपरिषद अधिकारी कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। इससे यह आशंका और गहरी हो गई है कि प्रशासन की ढिलाई से शहर की स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित हो रही है। नागरिकों ने यह भी आरोप लगाया कि मुख्य हाईवे पर नियमों के विरुद्ध चल रही अवैध मांस दुकानों को हटाने के लिए भी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
जिला परिषद डायरेक्टर मनीष मक्कासर ने बताया कि दुकानदार और निवासी कचरा पात्र से उठती बदबू और गंदगी के कारण परेशान हैं। नागरिकों का कहना है कि जब तक अवैध मांस दुकानें और कचरा पात्र नहीं हटाए जाते, तब तक समस्या बनी रहेगी।
आक्रोशित लोगों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही कार्रवाई नहीं हुई तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। वहीं दुकानदारों ने नगर परिषद से मांग की है कि मांस व हड्डियों के लिए अलग से निस्तारण की व्यवस्था की जाए, ताकि आमजन को अस्वच्छ माहौल से राहत मिल सके।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।