-सामाजिक समरसता न्याय मंच ने जिला प्रशासन से की दोषियों पर कार्रवाई की मांग
हनुमानगढ़। सामाजिक समरसता न्याय मंच, हनुमानगढ़ ने दो अलग-अलग गंभीर घटनाओं को लेकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। एक ओर अनुसूचित जाति समुदाय के लोगों को मंदिर में प्रवेश से रोकने व जातिगत भेदभाव का आरोप लगाया गया है, वहीं दूसरी ओर ग्राम सेवक के साथ हुई मारपीट और प्रताड़ना मामले में दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की गई है।
पहले ज्ञापन में बताया गया कि चक 2 आरपीएम पिचकराई पंचायत स्थित भगवान कृष्ण मंदिर में कमेटी अध्यक्ष भागाराम सहारण सहित कुछ प्रभावशाली लोग अनुसूचित जाति समुदाय के लोगों को मंदिर में जाने से रोक रहे हैं। इतना ही नहीं, उनके साथ गाली-गलौच व जातिगत भेदभाव भी किया जा रहा है। मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि इस तरह की हरकतों से अनुसूचित जाति समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंच रही है और उन्हें अपमानित किया जा रहा है। ज्ञापन में दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने और अनुसूचित जाति समाज के लोगों को मंदिर में प्रवेश की अनुमति दिलाने की मांग की गई।
वहीं दूसरे ज्ञापन में ग्राम सेवक उदयभान यादव, जो ग्राम पंचायत 30 एसएसडब्ल्यू, पंचायत समिति हनुमानगढ़ में कार्यरत हैं, के साथ हुई मारपीट और प्रताड़ना का मुद्दा उठाया गया। मंच ने आरोप लगाया कि 16 सितम्बर 2025 को पूर्व सरपंच दयाराम गोदारा व अन्य ने मिलकर ग्राम सेवक के साथ मारपीट की। इस घटना से ग्राम सेवक के कार्य करने का माहौल बाधित हुआ है। ज्ञापन में दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की गई।
सामाजिक समरसता न्याय मंच के अध्यक्ष रामप्रताप उर्फ प्रकाशनाथ ने जिला कलेक्टर को चेतावनी दी कि यदि आरोपितों को शीघ्र गिरफ्तार नहीं किया गया तो मंच धरना-प्रदर्शन करेगा। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा होता है तो इसकी समस्त जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।
अध्यक्ष रामप्रताप भाट उर्फ प्रकाशनाथ ने जिला प्रशासन से दोनों ही मामलों में निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि समाज में समरसता बनाए रखने और पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाने के लिए प्रशासन को त्वरित कदम उठाने चाहिए। इस मौके पर रामप्रताप, भादरराम यादव, लेखराम, देवीलाल भाटी, ओमप्रकाश, सुरेन्द्र सैनी, गुरतेज सिंह, विजय कुमार भाट, रामशरण, दुर्गादत्त सैनी, जगतार सिंह, सिकन्दर सिंह, सोहनलाल, मोहनलाल, रामकुमार व अन्य सदस्य मौजूद थे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































