– नगर परिषद रंगमंच पर झांकी और संवादों ने जीता श्रद्धालुओं का मन
हनुमानगढ़। नगर परिषद रामलीला रंगमंच पर श्रीरामलीला समिति द्वारा आयोजित श्रीरामलीला के छठे दिन का मंचन भावनाओं से सराबोर रहा। शुरुआत माँ सरस्वती की सचेतन झांकी से हुई। किरयाना व्यापार संघ के सदस्यों ने माँ सरस्वती की आरती कर मंचन का शुभारंभ किया। आरती उपरांत दर्शकों ने दशरथ दरबार व केकई-मंथरा संवाद का जीवंत मंचन देखा, जिसने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद प्रस्तुत हुआ वह भावुक दृश्य, जब केकई ने राजा दशरथ से दो वरदान मांगते हुए भरत को राजगद्दी और राम को 14 वर्ष का वनवास दिलाया। इस प्रसंग को देखकर दर्शकों की आंखें नम हो उठीं। दशरथ की भूमिका में मुकेश स्वामी, केकई के रूप में चन्दमोहन,मंथरा की भूमिका में महैन्द्र सिंह, श्रीराम के रूप में ओम स्वामी, सीता के रूप में राकेश कुमार, लक्ष्मण की भूमिका में संजय सैन और कौशल्या के रूप में मनीष नागपाल ने दर्शकों की वाहवाही लूटी। रामलीला का निर्देशन प्रेम रतन पारिक तथा उप-निर्देशन अशोक मिढ़ा के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। समिति के सचिव दिनेश तलवाड़िया ने बताया कि बीते 65 वर्षों से हनुमानगढ़ टाउन में यह रामलीला श्रद्धा और भक्ति के साथ खेली जाती है। यह बीकानेर संभाग की पहली रामलीला है, जिसे आज भी परंपरागत शैली में मंचित किया जाता है। समिति अध्यक्ष अर्चित अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष भी विशेष परंपरा निभाई जा रही है। प्रतिदिन 100 ग्राम चांदी के सिक्के से देवी-देवताओं की झांकी का तिलक किया जाता है, जो 14 दिनों तक चलेगा। यह सिक्का 3 अक्टूबर की रात्रि 12.15 बजे श्रीराम जी के हाथों ड्रा द्वारा भाग्यशाली विजेता को प्रदान किया जाएगा। इस अवसर पर समिति संरक्षक बालकिशन गोल्याण, सचिव दिनेश तलवाड़िया, पवन खदरिया, सुंदर बंसल, सतीश गर्ग, सज्जन बंसल डीगवाला, चांद रतन खदरिया, मंच सचिव प्रहलाद शर्मा, बहादुर सिंह चौहान सहित अनेक गणमान्य नागरिक व श्रद्धालु उपस्थित रहे। मंच संचालन प्रहलाद गुप्ता ने किया। रामलीला के दौरान दर्शकों की सहभागिता भी विशेष रही। प्रतिदिन रामलीला पर आधारित दो प्रश्न पूछे जाते हैं और सही उत्तर देने वालों को दक्षिण मुखी बालाजी मंदिर न्यास की ओर से पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं। श्रद्धा और संस्कृति से ओत-प्रोत इस आयोजन ने नगरवासियों के हृदय में भक्ति की गंगा बहा दी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































