-जिला कलक्टर व एडीएम ने किया स्टॉलों का निरीक्षण, 120 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
हनुमानगढ़। राज्य सरकार के निर्देशानुसार सेवा पखवाड़ा 2025 के अंतर्गत स्थानीय व खादी उत्पादों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र, हनुमानगढ़ परिसर में प्रदर्शनी का शुभारंभ हुआ। यह प्रदर्शनी 25 सितम्बर से शुरू होकर 2 अक्टूबर 2025 तक चलेगी। प्रदर्शनी में जिलेभर से आए उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों और छात्रों ने भाग लेकर अपनी उत्पादक क्षमता का परिचय दिया।
प्रदर्शनी के पहले दिन 25 सितम्बर को लगभग 24 स्टॉल लगाए गए, जिनमें स्थानीय व खादी उत्पादों की विविधता देखने को मिली। इस अवसर पर जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री उम्मेदी लाल मीना ने सभी स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने उद्यमियों व उत्पादकों से बातचीत कर उनके अनुभव व चुनौतियों की जानकारी ली तथा उन्हें जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में विभिन्न जिला स्तरीय अधिकारी, उद्यमी, राजीविका एवं स्वयं सहायता समूह के सदस्य, आरसेटी प्रतिनिधि, राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं सहित लगभग 120 प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से हिस्सा लिया। प्रदर्शनी में हस्तशिल्प, कपड़ा, खादी वस्त्र, हस्तनिर्मित सामग्री, खाद्य प्रसंस्करण उत्पाद व अन्य ग्रामीण उद्यमिता आधारित उत्पाद प्रमुख आकर्षण रहे।
इसी कड़ी में 25 सितम्बर को डॉ. भीमराव अंबेडकर दलित आदिवासी उद्यम प्रोत्साहन योजना के तहत सम्मेलन एवं प्रशिक्षण सत्र का आयोजन भी किया गया। इसमें विशेषज्ञों ने आगंतुकों को योजना की विस्तृत जानकारी दी। प्रतिभागियों को बताया गया कि इस योजना का उद्देश्य दलित एवं आदिवासी समुदाय के युवाओं व उद्यमियों को स्वरोजगार व उद्योग स्थापना में प्रोत्साहित करना है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































