– 35 प्रतिभागियों को मिला 12 दिवसीय व्यावहारिक मार्गदर्शन, बैंक देगा ऋण सुविधा
हनुमानगढ़ । ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन संचालित तथा भारतीय स्टेट बैंक प्रायोजित ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्था (आरसेटी) हनुमानगढ़ में मंगलवार को फास्ट फूड स्टॉल उद्यमी प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (एलडीएम) बलविन्द्र सिंह, एफएलसीसी वीरेन्द्र भारद्वाज रहे, जबकि अध्यक्षता संस्था के निदेशक बिंदु शंकर ने की।
इस प्रशिक्षण में कुल 35 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। सभी प्रतिभागियों को मास्टर ट्रेनर शोभा अशोक ने 12 दिनों तक व्यावहारिक और सैद्धांतिक प्रशिक्षण प्रदान किया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को फास्ट फूड स्टॉल संचालन, व्यंजनों की विविधता, गुणवत्ता नियंत्रण, स्वच्छता, ग्राहकों से संवाद, लागत प्रबंधन और व्यवसायिक रणनीतियों की बारीकियाँ सिखाई गईं।
कार्यक्रम में निदेशक बिधु शंकर ने बताया गया कि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को स्वरोजगार स्थापित करने के लिए 1 लाख रुपये तक की ऋण सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। इससे वे स्वयं का फास्ट फूड स्टॉल प्रारम्भ कर सकेंगे। यह सुविधा भारतीय स्टेट बैंक द्वारा उपलब्ध करवाई जाएगी, जिससे प्रशिक्षार्थियों को आर्थिक सहयोग के साथ आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा।
मुख्य अतिथि बलविन्द्र सिंह ने कहा कि आज का समय कौशल आधारित शिक्षा और प्रशिक्षण का है। जो युवा स्वरोजगार की ओर बढ़ते हैं, वे न केवल स्वयं को आत्मनिर्भर बनाते हैं बल्कि दूसरों को भी रोजगार उपलब्ध कराते हैं। आरसेटी द्वारा दिया गया यह प्रशिक्षण युवाओं के लिए जीवन में नई दिशा साबित होगा।
संस्था के निदेशक बिंदु शंकर ने कहा कि ग्रामीण युवाओं को स्वरोजगार की राह दिखाना हमारा उद्देश्य है। फास्ट फूड व्यवसाय आज की जरूरत है और इसमें रोजगार की अपार संभावनाएँ हैं। इस प्रशिक्षण से लाभान्वित होकर युवा समाज और परिवार दोनों के लिए प्रेरणा बनेंगे।
प्रशिक्षण पूरा करने के बाद प्रतिभागियों ने भी कार्यक्रम में अपने अनुभव साझा किए। उनका कहना था कि इस तरह के प्रशिक्षण से उन्हें आत्मविश्वास मिला है और अब वे भविष्य में स्वरोजगार की दिशा में गंभीर प्रयास करेंगे।
इस कार्यक्रम ने जिले में उद्यमिता और आत्मनिर्भरता को नई दिशा देने का कार्य किया है। आरसेटी के इस प्रशिक्षण से ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को बड़े स्तर पर रोजगार के अवसर मिलेंगे। इस मौके पर अनुदेशक मुकेश भानुशाली, अनुदेशक अनिल सिंह राठौड़, कार्यालय सहायक गणेशराम, कार्यालय सहायक रितिक अरोड़ा, सुरज कुमार, विकास कुमार मौजूद थे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































