दुर्गा पूजा महोत्सव में हुई माता की महाआरती

261

भक्तिमय वातावरण में जुटे श्रद्धालु, 1 अक्टूबर को कंजक पूजन और भंडारा
हनुमानगढ़। 
श्री दुर्गा पूजा समिति द्वारा आयोजित 20वें मां दुर्गा पूजा महोत्सव के अंतर्गत मंगलवार को माता रानी की महाआरती का भव्य आयोजन किया गया। बरकत कॉलोनी स्थित मिथिला हनुमान मंदिर प्रांगण में चल रहे इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े और माता के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
मंगलवार को आयोजित महाआरती में मुख्य यजमान के रूप में विधायक गणेशराज बंसल, निवर्तमान सभापति सुमित रणवां, प्रमोद यादव कुलवंत वर्मा, राजेंद्र वर्मा, मनोज शर्मा, श्रीमती पिंकी, श्वेता, कर्ण, पूजा, प्रियदर्शिनी, प्रतिभा झा, शिप्रा, दीप्ति और जयन्ति मिश्रा ने विधिवत पूजा-अर्चना की। मंत्रोच्चारण और वैदिक रीति-रिवाजों के बीच देवी की आराधना कर सभी ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।
आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रतिदिन प्रातः और सायंकालीन समय माता रानी की विशेष पूजा-अर्चना और आरती का आयोजन किया जा रहा है। श्रद्धालु पूरे उत्साह और आस्था से इन धार्मिक कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं। मंदिर परिसर में रोजाना सुबह-शाम भक्तों की भीड़ उमड़ रही है और वातावरण देवी भक्ति के रंग में रंगा हुआ है।
समिति ने जानकारी दी कि 1 अक्टूबर को विशेष कंजक पूजन  व हवन  कार्यक्रम  रात्रि में जागरण रखा गया है। इसके बाद विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें क्षेत्रभर से श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। वहीं 2 अक्टूबर को विधिवत पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान के बाद माता की प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा।
20 वर्षों से लगातार आयोजित हो रहा दुर्गा पूजा महोत्सव आज हनुमानगढ़ टाउन में धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक बन चुका है। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस महोत्सव का उद्देश्य केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक एकजुटता और भाईचारे का संदेश देना भी है।  समिति पदाधिकारी देवकीनन्दन चौधरी एडवोकेट रिंकू मिश्रा बलदेव दास दिलखुश मंडल अशोक गौतम कमलेश यादव श्याम दास शिवचन्द यादव दीपक मंडल बहरू ठाकुर व्यवस्था संचालन में लगे हुए हैं
श्रद्धालु जहां माता रानी के दर्शनों से धन्य हो रहे हैं, वहीं बच्चों और महिलाओं में भी इस आयोजन को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। महाआरती और पूजन में उमड़ा भक्तों का सैलाब इस बात का प्रमाण है कि दुर्गा पूजा महोत्सव अब नगरवासियों के लिए महापर्व का रूप ले चुका है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।