नरमा–कपास में अवैध कटौती का मामला पहुंचा जिला कलेक्टर तक

138

– किसानों ने किया शोषण रोकने की मांग, जांच और कार्रवाई की अपील
हनुमानगढ़।
 जिले में नरमा/कपास की खरीदी-बिक्री के दौरान व्यापारियों, आढ़तियों और फैक्ट्री मालिकों द्वारा अवैध कटौती किए जाने का मामला अब जिला कलेक्टर तक पहुंच गया है। किसानों ने एक लिखित ज्ञापन सौंपकर इस अनियमितता की जांच करवाने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि हनुमानगढ़ टाउन और हनुमानगढ़ जंक्शन क्षेत्र में धर्मकांटा पर तौल के दौरान किसानों के नरमा/कपास पर प्रति क्विंटल आधा किलो तक की अवैध कटौती की जा रही है। इससे किसानों का सीधा आर्थिक शोषण हो रहा है। इतना ही नहीं, किसानों को उनके उत्पाद का भाव भी मनमर्जी से कम दिया जा रहा है। जबकि नरमा का सरकारी भाव लगभग 7881 रुपये है, वहीं किसानों को केवल 5200 से 7000 रुपये प्रति क्विंटल तक ही दाम मिल पा रहे हैं।
जिला परिषद डायरेक्टर मनीष मक्कासर का आरोप है कि वजन में कटौती के अलावा फैक्ट्री में गुणवत्ता के नाम पर भी अलग से कटौती की जाती है। इस तरह किसान दोहरे शोषण का शिकार हो रहे हैं। ज्ञापन में कहा गया है कि यह पूरा खेल व्यापारियों, आढ़तियों और फैक्ट्री मालिकों की मिलीभगत से चल रहा है, जबकि किसान विवश होकर इसे सहने को मजबूर हैं। किसानों ने जिला कलेक्टर से मांग की है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच करवाई जाए। धर्मकांटा की पर्चियां, कच्ची-पक्की पर्चियां और जे-फार्म की जांच करवाकर असली स्थिति सामने लाई जाए। साथ ही दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्यवाही कर किसानों को पूरा दाम और वजन दिलवाने की गारंटी सुनिश्चित की जाए।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।