हनुमानगढ़। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द डोटासरा के जन्मदिन को जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सेवा कार्यों के साथ मनाया। जिला कांग्रेस कमेटी हनुमानगढ़ विधि प्रकोष्ठ की ओर से अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर टाउन स्थित वृद्धाश्रम में पहुंचकर बुजुर्गों को फल वितरित किए गए। इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि समाज में बुजुर्गों का आशीर्वाद सबसे बड़ी पूंजी है और उनकी सेवा करना ही सच्चा धर्म है।
कार्यक्रम की अगुवाई जिला कांग्रेस कमेटी हनुमानगढ़ विधि प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष एडवोकेट विजय कुमार गोंद ने की। उन्होंने कहा कि प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द डोटासरा का जीवन संघर्ष और समाज सेवा को समर्पित रहा है। उनके जन्मदिन पर सेवा कार्यों का आयोजन करना कार्यकर्ताओं के लिए गर्व की बात है। गोंद ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सेवा, समर्पण और समाज कल्याण की विचारधारा पर आधारित है, और आज का यह कार्यक्रम उसी की एक मिसाल है।
इस अवसर पर एडवोकेट अशोक छोड़ा, एडवोकेट रमेश स्वामी, एडवोकेट सुभाष यादव, राजेंद्र वार्ड पंच कोहला, प्रदीप विरट और विनोद गुरुसर भी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर वृद्धाश्रम के निवासियों को फल वितरित किए और उनके साथ आत्मीय संवाद कर उनका हाल-चाल जाना।
वक्ताओं ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस हमें यह याद दिलाता है कि समाज की नींव हमारे बुजुर्गों ने रखी है। उनका सम्मान करना और उनकी सेवा करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि गोविन्द डोटासरा ने हमेशा ही संगठन में युवाओं और बुजुर्गों दोनों को साथ लेकर चलने की परंपरा को जीवित रखा है। कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने डोटासरा के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की। साथ ही, संकल्प लिया कि उनके नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी के विचारों और सेवा भावना को और अधिक जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































