’अग्रवाल महिला उप समिति ने धूमधाम से मनाया करवाचौथ महोत्सव’

132

’-सेल्फी प्वाइंट, सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रतियोगिताओं में महिलाओं ने दिखाया उत्साह’
हनुमानगढ़। अग्रवाल महिला उप समिति द्वारा करवाचौथ महोत्सव का भव्य आयोजन धूमधाम और पारंपरिक उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और पूरे दिन को मनोरंजक व उत्सवमय बना दिया। आयोजन स्थल पर सजी हुई रंग-बिरंगी सजावट, दीपों की रोशनी और पारंपरिक संगीत ने पूरे वातावरण को आनंदमय बना दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व सभापति संतोष बंसल, मीना बंसल रही।
महोत्सव के दौरान सेल्फी प्वाइंट, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और आकर्षक गेम्स कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहे। महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सजधज कर नृत्य, गीत और विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम स्थल पर माहौल ऐसा बना मानो पूरा दिन पारंपरिक सौंदर्य और उत्साह से सराबोर हो।
समिति की अध्यक्ष मिताली अग्रवाल ने कहा कि करवाचौथ केवल व्रत और पूजा का पर्व नहीं, बल्कि यह पारिवारिक एकता, स्नेह और संस्कृति से जुड़ा उत्सव है। इस पर्व का उद्देश्य दांपत्य जीवन में विश्वास और प्रेम की गहराई को और अधिक सुदृढ़ बनाना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से महिलाओं को एक-दूसरे से मिलने, अपनी परंपराओं को साझा करने और समाज में सौहार्द बढ़ाने का अवसर मिलता है।
महोत्सव के अंतर्गत हर वर्ष की तरह इस बार भी सजगृहिणी प्रतियोगिता, मेहंदी प्रतियोगिता और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा, सृजनशीलता और उत्साह से सभी का दिल जीत लिया। विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर समिति की कार्यकारी अध्यक्ष रीनू बंसल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राज मित्तल, सचिव अंजली गोयल, उपाध्यक्ष मीना गर्ग, संगठन मंत्री डॉ. शिवानी गर्ग, प्रचार मंत्री ललिता बंसल, सह सचिव प्रीति गुप्ता, विधि मंत्री प्रियंका गोयल और सदस्य रेनु गर्ग सहित अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं। सभी ने मिलकर आयोजन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।
महोत्सव के दौरान महिलाओं ने पारंपरिक गीतों पर सामूहिक नृत्य किया और एक-दूसरे को करवाचौथ की शुभकामनाएं दीं। अंत में मिताली अग्रवाल ने सभी उपस्थित महिलाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन न केवल हमारी संस्कृति को जीवित रखते हैं, बल्कि महिलाओं के बीच आपसी मेलजोल, अपनापन और सामाजिक जुड़ाव को भी मजबूत करते हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।