नई बसों को एक्सप्रेस रूट पर चलाने व लंबी दूरी की सेवाएं शुरू करने की मांग

112

-17 अक्टूबर से आगार स्तर पर आंदोलन की चेतावनी, ज्ञापन सौंपकर रोडवेज प्रशासन को किया आगाह
हनुमानगढ़। राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम हनुमानगढ़ आगार के कर्मचारियों ने अपनी पूर्व घोषित मांगों को लेकर एक बार फिर आवाज बुलंद की है। संयुक्त कर्मचारी यूनियन हनुमानगढ़ (बी.एम.एस.) ने शनिवार को मुख्य प्रबंधक, रोडवेज आगार हनुमानगढ़ को अध्यक्ष सुरेंद्र करीर के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की। यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन द्वारा आश्वासन अनुसार मांगों का समाधान नहीं किया गया तो 17 अक्टूबर को आगार स्तर पर धरना-प्रदर्शन व आंदोलन किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ज्ञापन में बताया गया कि 22 जनवरी 2025 को संघर्ष समिति द्वारा विभिन्न कर्मचारी मांगों को लेकर प्रशासन को ज्ञापन दिया गया था। उस समय कुछ मांगों को प्रशासन ने स्वीकार कर लागू किया था, जबकि कुछ मांगों को नई बसें आने पर पूरा करने का आश्वासन दिया गया था। अब दिनांक 05 अक्टूबर 2025 को हनुमानगढ़ आगार में पांच नई वाहनें प्राप्त हो चुकी हैं। साथ ही, कार्यकारी निदेशक (प्रशासन) द्वारा 09 अक्टूबर को आदेश जारी कर चालक-परिचालकों को 3000 किलोमीटर तक बस संचालन के लिए पाबंद किया गया है।
यूनियन ने ज्ञापन में दो प्रमुख मांगों को दोहराया है जिसमे सभी नई बसों को निगम हित में लोकल रूट पर न चलाकर एक्सप्रेस रूट (जयपुर) पर संचालित किया जाए। शिमला, चिंतपूर्णी, लुधियाना, टोहाना व हनुमानगढ़ से किकरवाली वाया लिलांवाली के लिए बसों का संचालन प्रारंभ किया जाए।
अध्यक्ष सुरेंदर करीर ने कहा कि इन रूटों पर बसों के संचालन से यात्रियों को सुविधा मिलेगी, निगम को अधिक राजस्व प्राप्त होगा और वाहनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित हो सकेगा। उन्होंने याद दिलाया कि इन मांगों पर पहले भी मुख्य प्रबंधक द्वारा सहमति दी गई थी और नई बसों के आगमन पर मांगों को लागू करने का आश्वासन दिया गया था।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।