स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश लेकर निकली साइकिल रैली

153

– हनुमानगढ़ संडे साइकिलिंग क्लब ने 6 वर्ष पूरे होने पर निकाली भव्य रैली, योग व जुम्बा से दिया फिटनेस का संदेश
– पहली बार सैकड़ों लोगों ने एक साथ चलाई 20 किमी तक साईकिल, मकसद – स्वास्थ हनुमानगढ़ और पर्यावरण संरक्षण, संकल्प कार्यस्थल पर अपनायेगे यही तरीका
– आयोजक बोले प्रशासन व जनप्रतिनिधियों से साईकिल ट्रैक बनाने की मांग
हनुमानगढ़।
 स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से हनुमानगढ़ संडे साइकिलिंग क्लब की ओर से रविवार सुबह एक भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। क्लब के 6 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस रैली की शुरुआत टाउन स्थित सेंट्रल पार्क से हुई और यह जिला एवं सत्र न्यायाधीश हनुमानगढ़ के आवास तक पहुंची। जिला एवं सत्र न्यायाधीश तनवीर चौधरी, जिला एवं सत्र न्यायधीश (एसीबी, बीकानेर) अमित कड़वासरा, एससीएसटी न्यायाधीश डॉ. सरिता स्वामी, पूर्व न्यायधीश महावीर स्वामी, जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव, अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक जनेश तंवर, विधायक गणेशराज बंसल और भाजपा प्रत्याशी अमित सहू, डीएसपी रणवीर सांई, आयुक्त सुरेन्द्र यादव, भाजपा जिला महामंत्री प्रदीप ऐरी, होमगार्ड कमांडेट प्रियका कड़वासरा ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली वापस सेंट्रल पार्क में आकर संपन्न हुई।
इस साइकिल रैली में न्यायिक अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, अधिवक्ताओं, चिकित्सकों, सामाजिक संस्थाओं, स्कूलों के विद्यार्थियों, स्काउट गाइड, होमगार्ड के जवानों सहित सैकड़ों महिलाओं और पुरुषों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने 20 किलोमीटर की दूरी तय कर साइकिलिंग के माध्यम से स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। रैली के समापन पर सेंट्रल पार्क में योग और जुम्बा सत्र का विशेष आयोजन किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों व आमजन ने मिलकर उत्साहपूर्वक भाग लिया।
योग सत्र में योगाचार्य डॉ. सरिता स्वामी ने विभिन्न योग क्रियाओं के माध्यम से शरीर को स्वस्थ रखने का संदेश दिया। उन्होंने शीर्षासन, कपालभाति, अनुलोम-विलोम जैसे आसनों के लाभों की विस्तृत जानकारी दी और लोगों को नियमित रूप से योग करने का आह्वान किया। वहीं, जुम्बा सत्र में मास्टर ट्रेनर कोमल सैनी और धनश्याम मोर्या ने अपनी टीम के साथ ऊर्जावान प्रस्तुति दी, जिसका बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने आनंद उठाया।
एससीएसटी न्यायाधीश डॉ. सरिता स्वामी ने साइकिलिंग के शारीरिक और मानसिक लाभों की जानकारी दी। जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव ने लोगों से नियमित रूप से साइकिल चलाने और योग करने की अपील की। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. पारस जैन और हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. सुरेश बाजिया ने भी साइकिलिंग को हृदय स्वास्थ्य के लिए लाभकारी बताया और लोगों को इसे दिनचर्या में शामिल करने की सलाह दी।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।