“संगठन सर्वोपरि, सबको साथ लेकर चलने वाला बनेगा जिला अध्यक्ष”

147

हनुमानगढ़। टाउन स्थित जैन सभा, भटनेर दुर्गा के पास आज शहर ब्लॉक कांग्रेस व देहात ब्लॉक कमेटी के सयुक्त तत्वाधान में कांग्रेस संगठन सर्जन अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त हनुमानगढ़ जिला प्रभारी अमित विज ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से मुलाकात कर संगठन को मजबूत करने की दिशा में विचार-विमर्श किया।
बैठक में जिला कांग्रेस अध्यक्ष के चयन को लेकर कार्यकर्ताओं से राय ली गई। इस अवसर पर जिला प्रभारी अमित विज ने कहा कि कांग्रेस में जिलाध्यक्ष की नियुक्ति कार्यकर्ताओं की रायशुमारी के बाद ही की जाएगी। उन्होंने कहा कि “पार्टी संगठन को सर्वोपरि मानती है, और जिस व्यक्ति में सबको साथ लेकर चलने की क्षमता होगी, उसे ही कार्यकर्ताओं की भावनाओं के अनुरूप जिला अध्यक्ष बनाया जाएगा।”अमित विज ने कहा कि हरियाणा और पंजाब में संगठन की कमजोरी के कारण कांग्रेस को नुकसान झेलना पड़ा, इसलिए अब राजस्थान में संगठन को मजबूत करना सबसे पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, “बिना संगठन के कोई भी पार्टी टिक नहीं सकती। राहुल गांधी की सोच है कि जिसका जितना हक है, उसे उतना अधिकार मिलना चाहिए, और यही सोच अब कांग्रेस संगठन में भी लागू की जाएगी।”उन्होंने बताया कि पूरे जिले में कार्यकर्ताओं से राय लेकर छह नामों का पैनल तैयार किया जाएगा, जिसे अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी को जिला अध्यक्ष के चयन के लिए भेजा जाएगा। बैठक में संगठन को एकजुटता की भावना से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया। इस मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुरेंद्र दादरी, जिला प्रमुख कविता मेघवाल, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सलोचना बावरी सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मंच पर उपस्थित रहे। मंच का संचालन शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जिनेंद्र जैन बेबी ने किया। बैठक के दौरान देहात ब्लॉक अध्यक्ष संदीप संधू और शहर ब्लॉक अध्यक्ष जिनेंद्र जैन बेबी ने जिला प्रभारी अमित विज, जिलाध्यक्ष सुरेंद्र दादरी, जिला प्रमुख कविता मेघवाल और महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सलोचना बावरी का माला पहनाकर व शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया।
कार्यक्रम में भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। एक-एक कर कार्यकर्ताओं ने जिला प्रभारी के समक्ष अपनी राय रखी और संगठन की मजबूती के लिए सुझाव दिए। बैठक की शुरुआत कांग्रेस के वरिष्ठ सदस्यों के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित करने से हुई।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।