छठी राज्य स्तरीय गोजू रियो कराटे प्रतियोगिता 2025 का हनुमानगढ़ में शुभारंभ

250

-राजस्थान के 228 खिलाड़ियों ने दिखाया जज़्बा, अनुशासन व आत्मरक्षा का दिया संदेश
हनुमानगढ़। अग्रसेन भवन हनुमानगढ़ में शनिवार को छठी राज्य स्तरीय गोजू रियो कराटे प्रतियोगिता 2025 का शुभारंभ उत्साहपूर्वक हुआ। यह प्रतियोगिता अंतर्राष्ट्रीय कोच देवेंद्र राजपूत के दिशा निर्देशन में प्रारंभ हुई, जिसमें राजस्थान के विभिन्न जिलों से आए कुल 228 खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य खिलाड़ियों में अनुशासन, आत्मरक्षा और खेल भावना का विकास करना रहा।
उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता संस्था अध्यक्ष राजीव खेतान ने की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि निवर्तमान नगर परिषद अध्यक्ष सुमित रिणवा रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व वाइस चेयरमैन नगीना बाई, पार्षद पति जगदीप विक्की, पार्षद बलराज दानेवालिया, पार्षद कौर सिंह खोसा, समाजसेवी सुनील यादव, पार्षद अशोक गौरी और अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर कराटे एसोसिएशन ऑफ राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष राजीव खेतान और प्रतियोगिता सचिव देवेंद्र राजपूत ने संयुक्त रूप से बताया कि इस तरह की प्रतियोगिताएं न केवल बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाती हैं, बल्कि उनमें अनुशासन और आत्मरक्षा की भावना भी विकसित करती हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में आत्मरक्षा हर आयु वर्ग के लिए आवश्यक है, और कराटे जैसे मार्शल आर्ट इसके लिए सबसे उपयुक्त माध्यम हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन और खिलाड़ियों के मार्च पास्ट से हुई। इसके बाद विभिन्न वर्गों में कराटे मुकाबले प्रारंभ हुए, जिनमें खिलाड़ियों ने अपनी फुर्ती, तकनीक और एकाग्रता का शानदार प्रदर्शन किया। दर्शकों ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की खूब सराहना की और तालियों से उनका उत्साह बढ़ाया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।