इंदिरा वाटिका व सामुदायिक भवन में मनाया गया पोषण माह उत्सव

142

-व्यंजन प्रदर्शनी, रंगोली प्रतियोगिता और जागरूकता कार्यक्रमों से गूंजा आयोजन स्थल
हनुमानगढ़। महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वाधान में मंगलवार को जंक्शन स्थित इंदिरा वाटिका एवं सामुदायिक भवन में पोषण माह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर सेक्टर ए और बी की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत व्यंजन प्रदर्शनी से हुई, जिसमें प्रतिभागियों ने पारंपरिक व पौष्टिक खाद्य पदार्थों की विविधता प्रस्तुत की। प्रदर्शनी में ज्वार, बाजरा, रागी, मूंग, चना आदि से बने व्यंजनों को प्रमुखता दी गई। इसके साथ ही पोषण पर आधारित रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसने कार्यक्रम को रंगीन और आकर्षक बना दिया। प्रतिभागियों ने पोषण, संतुलित आहार और स्वस्थ जीवन शैली पर आधारित सुंदर रंगोलियाँ बनाई, जिनकी सभी ने सराहना की।
कार्यक्रम में सुपरवाइजर मधु महाजन और संतोष खीचड़ ने व्यंजन प्रदर्शनी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “संतुलित आहार में विविध अनाजों का समावेश स्वस्थ जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है।” उन्होंने बताया कि पारंपरिक अनाज जैसे ज्वार, बाजरा और रागी न केवल पोषक तत्वों से भरपूर हैं, बल्कि स्थानीय खाद्य परंपराओं को भी सशक्त करते हैं। मधु महाजन ने समुदाय आधारित गतिविधियों के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि पोषण माह का उद्देश्य स्वास्थ्य, स्वच्छता और संतुलित आहार के प्रति जागरूकता फैलाना है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में महिला एवं बाल विकास विभाग की उपनिदेशक श्रीमती सुनीता शर्मा उपस्थित रहीं। उनके साथ महिला एवं बाल विकास विभाग की उपनिदेशक श्रीमती सुनीता शर्मा, अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी मदन सुखीजा, किरण शर्मा,दिनेश निवाद, श्रीमती किरण चौहान, महिला पर्यवेक्षक श्रीमती कमलजीत कौर, रजनी, टीना, जगदीश कौर, मीनाक्षी ,नेहा शर्मा उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने प्रतिभागियों के उत्साह और प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम न केवल महिलाओं को सशक्त बनाते हैं, बल्कि समाज में स्वास्थ्य और पोषण के महत्व को भी गहराई से स्थापित करते हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।