-पार्षद गुरदीप सिंह बराड़ बोले — “वार्ड के हित में बंद करता हूं अपना व्यापार”, फिर भी कुछ लोगों ने रोका निर्माण कार्य
हनुमानगढ़। बरसों से गांधीनगर क्षेत्र के लोगों का सपना रहा फुट ओवरब्रिज अब साकार होने की दिशा में बढ़ा ही था कि कुछ लोगों के विरोध से निर्माण कार्य बीच में ही रुक गया। इस घटना के बाद मंगलवार शाम वार्डवासियों की एक बड़ी बैठक गांधीनगर में आयोजित की गई, जिसमें निवर्तमान सभापति सुमित रणवां, पूर्व उपसभापति नगीना बाई, पार्षद गुरदीप सिंह बराड़ ‘बब्बी’ सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। बैठक में फुट ओवरब्रिज निर्माण से जुड़े विवाद पर चर्चा की गई और एकमत से निर्णय लिया गया कि पुल को रेलवे की खाली भूमि में ही उतारा जाए, ताकि आने-जाने में लोगों को सुविधा मिल सके।
जानकारी के अनुसार, गांधीनगर में फुट ओवरब्रिज का निर्माण कार्य इन दिनों तेजी से चल रहा था। यह पुल रेलवे की खाली भूमि में उतर रहा है, जहां पार्किंग और अन्य सुविधाएं पहले से ही मौजूद हैं। लेकिन कुछ लोगों ने आपत्ति जताते हुए पुल का रूट बदलकर उसे सीधे मोहल्ले के बीच उतारने की मांग की। मंगलवार को जब रेलवे विभाग के कर्मचारी निर्माण कार्य कर रहे थे, तभी विरोधी पक्ष के कुछ लोग मौके पर पहुंचकर जबरन काम रुकवा दिया। इससे वार्डवासियों में रोष फैल गया।
इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए बैठक में पहुंचे पार्षद गुरदीप सिंह बराड़ बब्बी ने कहा कि “यह पुल केवल ईंट-पत्थर का ढांचा नहीं, बल्कि हमारे बुजुर्गों के सपनों का प्रतीक है। वार्ड के हजारों लोगों की सुविधा के लिए यह पुल आवश्यक है।” उन्होंने विरोधियों के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “मुझ पर आरोप लगाया जा रहा है कि जहां पुल उतरेगा, वहां मेरा शराब का ठेका है। मैं स्पष्ट घोषणा करता हूं कि वार्ड के हित में अपना यह व्यापार बंद करता हूं, क्योंकि मुझे व्यक्तिगत लाभ नहीं, जनता का विकास अधिक महत्वपूर्ण है।”
पार्षद की इस घोषणा के बाद भी विरोधी पक्ष अपनी मांगों पर अड़ा रहा। वहीं अधिकांश वार्डवासियों ने एक स्वर में रेलवे भूमि में ही पुल का निर्माण जारी रखने का समर्थन किया। लोगों ने कहा कि पुल मोहल्ले के बीच उतरने पर यातायात बाधित होगा, जबकि रेलवे भूमि में पार्किंग सहित पर्याप्त स्थान है।
बैठक में निवर्तमान सभापति सुमित रणवां ने कहा कि “कुछ शरारती तत्व केवल वार्ड और शहर के विकास में बाधा डालने की कोशिश कर रहे हैं। पहले उन्होंने ठेके को मुद्दा बनाया, अब जब पार्षद ने खुद अपना व्यापार बंद करने की घोषणा कर दी, तो भी वे अपनी जिद पर अड़े हैं।” उन्होंने कहा कि पुल निर्माण को लेकर सभी वार्डवासी एकजुट हैं और किसी भी हालत में विकास कार्य रुकने नहीं देंगे।
पूर्व उपसभापति नगीना बाई ने भी कहा कि यह पुल आने वाली पीढ़ियों के लिए राहत का माध्यम बनेगा। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि किसी के दबाव में आए बिना कार्य को शीघ्र पूरा किया जाए।
बैठक के अंत में निर्णय लिया गया कि बुधवार को वार्डवासी रेलवे विभाग के एईएन से मिलकर निर्माण कार्य पुनः शुरू करवाने की मांग करेंगे। वार्डवासियों ने कहा कि वे शांति और एकता के साथ विकास के इस कार्य को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































