गोल्डन सिटी कॉलोनी निवासियों ने दिखाई इंसानियत की मिसाल

167

– पंजाब बाढ़ पीड़ितों के लिए 2 लाख की राशि एकत्र कर डीज़ल व विवाह सहयोग प्रदान किया
हनुमानगढ़।
 प्राकृतिक आपदा के समय सहयोग और मानवीय संवेदनाओं की अनूठी मिसाल पेश करते हुए चक ज्वाला सिंह रोड स्थित गोल्डन सिटी कॉलोनी के निवासियों ने पंजाब के बाढ़ प्रभावित परिवारों की मदद के लिए 2 लाख रुपये की राशि एकत्र कर प्रभावित क्षेत्रों में सीधा सहयोग पहुंचाया। कॉलोनी के निवासियों द्वारा इस धनराशि को एकजुटता और सामुदायिक भावना के साथ एकत्र किया गया, जिसे पंजाब के कपूरथला जिले के सुलतानपुर लोधी तहसील के गाँव सरूपवाल और बाऊपुर खादिम में जाकर जरूरतमंद परिवारों को सहयोग स्वरूप प्रदान किया गया।
जानकारी के अनुसार कॉलोनी के निवासियों ने सामूहिक रूप से यह निर्णय लिया कि पंजाब में आई बाढ़ से प्रभावित परिवारों को कृषि कार्य में सहयोग देने के लिए सीधा मदद पहुंचाई जाएगी। इसके तहत एकत्रित 2 लाख रुपये की राशि से दोनों गाँवों के कुल 35 जरूरतमंद परिवारों को फसल की बुआई के लिए डीज़ल उपलब्ध कराया गया। इसके अलावा एक गरीब परिवार की कन्या के विवाह के लिए 11,000 रुपये की नकद राशि भी प्रदान की गई।
इस सहयोग राशि को गाँवों में पहुँचाने के लिए कॉलोनी के निवासियों अमृतपाल सिंह मरोक, नमिन्द्र सिंह खोसा, जयपाल सिंह और परमिन्दर पाल सिंह मुत्ती स्वयं पंजाब पहुंचे। उन्होंने गाँव सरूपवाल और बाऊपुर खादिम में जाकर वहाँ के पंच सुखचैन सिंह, स्कूल के प्रधानाध्यापक योगेश कुमार, अध्यापक सुरजीत सिंह और बिक्रमजीत सिंह से संपर्क कर सहायता सामग्री व नकद सहयोग का वितरण किया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।