श्रीबालाजी धाम राजा की कोठी में अन्नकूट भण्डारे का भव्य आयोजन

97

हनुमानगढ़। टाउन के राजा की कोठी के समीप स्थित प्राचीन श्रीबालाजी धाम में बुधवार को श्रीबालाजी धाम समिति द्वारा पारंपरिक अन्नकूट भण्डारे का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पंडित जी द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत पूजा-अर्चना से हुई। पूजा उपरांत भगवान श्रीबालाजी महाराज को नई फसल से बने अन्नकूट का भोग लगाया गया तथा उसके पश्चात श्रद्धालुओं को खिचड़ा-कड़ी के प्रसाद का वितरण किया गया। समिति के अध्यक्ष भगवान सिंह खुड़ी ने बताया कि यह आयोजन वर्षों से परंपरागत रूप से किया जा रहा है। ग्रामीण मान्यताओं के अनुसार किसान अपनी नई फसल विशेषकर मोठ, बाजरा आदि का प्रथम भाग भगवान को अर्पित कर ‘अन्नकूट’ बनाते हैं और फिर उसी अन्न से परिवार व समाज में नई फसल का उपयोग आरंभ करते हैं। इसी परंपरा को निभाते हुए श्रीबालाजी धाम समिति हर वर्ष अन्नकूट भण्डारे का आयोजन करती आ रही है। भण्डारे में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन किए और प्रसाद ग्रहण कर धर्मलाभ प्राप्त किया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में समिति पदाधिकारियों के साथ सुशील अग्रवाल, अनिल शर्मा, दलपत सिंह, करणी सिंह, मदन गोपाल जिंदल, लक्ष्यराज सिंह, अजीत सिंह, हनुमान सिंह,बजरंग सिंह, अश्विनी बंसल, अनिल जिंदल, रामकुमार मंगवाना, सावरमल शर्मा सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। युवा टीम में राहुल तापड़िया, गौरव अग्रवाल, कपिल आर्यण, दुष्यंत, विवेक बंसल, मानव, मानवेन्द्र सिंह आदि ने सक्रिय भूमिका निभाई। समिति सदस्यों और शहर के सेवाभावी नागरिकों के सहयोग से सफल हुए इस अन्नकूट भण्डारे में श्रद्धालुओं ने सामूहिक भक्ति और सेवा की भावना से भाग लेकर लोक परंपरा को सजीव किया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।