बिहार (maithili thakur) के दरभंगा में एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान बीजेपी विधायक केतकी सिंह के एक वीडियो ने सियासी और सांस्कृतिक विवाद खड़ा कर दिया है। वीडियो में केतकी सिंह को पारंपरिक मिथिला पाग को मंच पर रखकर यह कहते हुए देखा जा सकता है..“ये क्या है?” इस बयान और उनके हावभाव को लेकर स्थानीय लोगों और मिथिला संस्कृति से जुड़े संगठनों ने तीखी आपत्ति जताई है।
क्या है पूरा मामला?
यह घटना दरभंगा के अलीनगर में एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान हुई। यूपी के बलिया ज़िले की बांसडीह सीट से बीजेपी विधायक केतकी सिंह को कार्यक्रम में मिथिला पाग पहनाकर सम्मानित किया गया था। जो मिथिला की संस्कृति और सम्मान का प्रतीक मानी जाती है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाग पहनाते वक्त उन्होंने सवाल किया, “ये क्या है?” जब लोगों ने बताया कि यह मिथिला सम्मान का प्रतीक है, तो उन्होंने कहा “मिथिला का सम्मान इस पाग में नहीं, बल्कि इस (मिथिली ठाकुर) में है।” इसके बाद उन्होंने पाग उतारकर सामने रख दी। उनके इस व्यवहार से वहां मौजूद लोगों में नाराज़गी फैल गई। स्थानीय निवासियों और सांस्कृतिक संगठनों ने इसे मिथिला संस्कृति का अपमान बताया।
सोशल मीडिया पर बढ़ा विरोध
इस घटना के बाद मिथिला स्टूडेंट यूनियन (MSU) ने इसे “मिथिला की संस्कृति और अस्मिता पर हमला” बताया। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विद्या भूषण राय ने कहा, “यह मिथिला की परंपरा के प्रति गहरी असंवेदनशीलता को दर्शाता है।” वहीं, मैथिली गायिका प्रियामल्लिक ने भी सोशल मीडिया पर केतकी सिंह की निंदा की। उन्होंने लिखा कि “यह मिथिला की संस्कृति पर सीधा प्रहार है” और मांग की कि स्थानीय संगठनों को इस मामले में कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए।
बीजेपी विधायक ने मांगी माफी
विवाद बढ़ने के बाद बीजेपी विधायक केतकी सिंह ने सफाई देते हुए कहा कि उनका किसी की भावनाएं आहत करने का कोई इरादा नहीं था। उन्होंने कहा, “पगड़ी पूरे भारत में सम्मान का प्रतीक है। मैंने सिर्फ़ यह कहा था कि हमारी बेटियां भी इस पगड़ी जितनी ही सम्मानित हैं। अगर मेरे किसी शब्द या व्यवहार से किसी को ठेस पहुंची हो, तो मैं माफी मांगती हूं।”

फिलहाल बीजेपी ने इस पूरे विवाद पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन मिथिला क्षेत्र में यह मामला सांस्कृतिक अस्मिता से जुड़ते हुए तेजी से राजनीतिक रंग लेता जा रहा है।
मैथिली ठाकुर ने किया पाग का अपमान?
ये विवाद अभी खत्म ही नहीं हुआ था कि अलीनगर विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी प्रत्याशी मैथिली ठाकुर का मिथिला पाग में मखाना खाते हुए वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि वह कार में बैठीं हुई हैं और पाग में मखाना खा रही हैं। ये वीडियो आग की तरह सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फिलहाल अभी तक मैथिली की तरफ से इसपर कोई सफाई नहीं आई है।
बार-बार मिथिला के सम्मान पर आघात पहुँचा रही है।कल एक सभा में मिथिला की पहचान “पाग” को छोटा बताकर मैथिली को बड़ा बताया गया और सबने तालियाँ बजाईं।परिणामस्वरूप, शाम होते-होते मैथिली ने उसी पाग को कटोरा बनाकर उसमें मखान भर लिया।सत्य यही है मैथिली ठाकुर पाग पहनाने योग्य नहीं है, pic.twitter.com/NpmFCbPze9
— Nitish Jha (@jhanitish134) October 23, 2025




































