जूनियर नैशनल में कांस्य पदक विजेता आसित गोदारा का हुआ सम्मान — कलेक्टर, एसपी ने किया सम्मानित

152

– ग्वालियर में आयोजित जूनियर पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में आसित ने 200 मीटर दौड़ व लंबी कूद में दिलाया हनुमानगढ़ का नाम रोशन
हनुमानगढ़। 
हनुमानगढ़ जिले के युवा पैरा एथलीट आसित गोदारा ने ग्वालियर में आयोजित जूनियर पैरा एथलेटिक्स राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक प्राप्त कर जिले व प्रदेश का नाम गौरवान्वित किया। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर शनिवार को एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें जिला कलेक्टर डॉ खुशाल यादव, जिला पुलिस अधीक्षक हरिशंकर, विधायक गणेश राज बंसल और अर्जुन अवार्ड जगसीर सिंह ने आसित को सम्मान प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
कोच सुनील सामरिया ने बताया कि गत माह मध्य प्रदेश के ग्वालियर में हुई जूनियर राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में आसित ने 200 मीटर दौड़ और लंबी कूद स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। इस प्रतियोगिता में देशभर से लगभग 2000 पैरा एथलीट्स ने भाग लिया था, जिनमें से आसित ने अपने प्रदर्शन से निर्णायक मंडल और दर्शकों को प्रभावित किया।
समारोह में उपस्थित जिला कलेक्टर डॉ खुशाल यादव ने आसित की सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि हनुमानगढ़ की धरती प्रतिभाओं से भरी है, और आसित जैसे युवा खिलाड़ी जिले के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि दिव्यांग खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपने प्रदर्शन से जिले का नाम रोशन कर सकें।
जिला पुलिस अधीक्षक हरिशंकर ने भी आसित की मेहनत और लगन की सराहना करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद ऐसी उपलब्धि हासिल करना वास्तव में प्रेरणादायक है।
कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी विक्रम सिंह मान, अंबेडकर नवयुवक संघ के पूर्व जिला अध्यक्ष विनोद कंडा, खेल प्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने आसित को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह का संचालन कोच सुनील सामरिया ने किया। इस अवसर पर आसित ने कहा कि वे भविष्य में कड़ी मेहनत कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करना चाहते हैं। उन्होंने अपने कोच, परिवार एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया जिन्होंने हमेशा उनका हौसला बढ़ाया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।