श्रद्धालुओं को कृष्ण जन्म कि कथा का रसपान किया

160
हनुमानगढ़ टाउन की बरकत कॉलोनी स्थित फाटक गौशाला में इन दिनों चल रही श्रीमद् भागवत कथा के पाचवें दिन श्रद्धालुओं को कृष्ण जन्म कि कथा का रसपान किया। इस पावन कथा का वाचन ऋषिकेश के बाल ब्रह्मचारी संत हरिदास जी महाराज द्वारा किया जा रहा है, जिनके ओजस्वी और मधुर वचनों से वातावरण भक्तिमय हो गया। गौशाला परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर कथा श्रवण का लाभ ले रहे हैं। फाटक गौशाला के अध्यक्ष मुरलीधर अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कथा विशेष रूप से गौसेवा के उद्देश्य से आयोजित की गई है। कथा का आयोजन 23 अक्टूबर 2025 से 29 अक्टूबर 2025 तक प्रतिदिन दोपहर 2ः00 बजे से 5.00 बजे तक किया जा रहा है। श्रीमद् भागवत कथा में पांचवें दिन सोमवार को महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की विस्तृत कथा का रसपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार कंस के कारागार में माता देवकी की कोख से भगवान श्रीकृष्ण ने जन्म लिया और कैसे उनकी दिव्य लीलाएं सम्पूर्ण ब्रह्मांड के कल्याण के लिए हुईं। कृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर कथा स्थल को भव्य रूप से सजाया गया। श्री गौ सेवा संस्थान के सदस्य नवीन बंसल ने जानकारी दी कि भगवान श्रीकृष्ण के जन्म पर कथा स्थल को फूलों और गुब्बारों से सजाया गया, जिससे संपूर्ण वातावरण में एक दिव्यता और उल्लास फैल गया। इसके साथ ही बाल गोपाल की सुंदर झांकी भी सजाई गई, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। एक नन्हे बालक द्वारा कृष्ण का रूप धारण कर प्रस्तुत की गई जीवंत झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इस अवसर पर उपस्थित भक्तों ने पीले वस्त्र पहनकर भक्ति भाव से नृत्य किया और नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की जैसे बधाई गीतों पर झूम उठे। कथावाचक ने कथा के बीच-बीच में सुंदर भजनों की प्रस्तुति दी और स्वयं भी भक्तों के साथ नृत्य करते हुए पुष्पवर्षा की। कथा स्थल पर मिठाइयों का वितरण भी किया गया, जिससे आनंद और प्रसन्नता का वातावरण बना रहा। उन्होन अपने प्रवचन में कहा कि जब भी पृथ्वी पर अधर्म बढ़ता है और दुष्टों का अत्याचार चरम पर होता है, तब भगवान किसी न किसी रूप में अवतरित होकर धर्म की स्थापना करते हैं और भक्तों का उद्धार करते हैं। श्रीकृष्ण का जन्म भी इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए हुआ था।कथा के अंत में भक्तों को प्रसाद वितरण किया गया। कथा के आयोजकों ने सभी भक्तों और नगरवासियों से कथा में सम्मिलित होकर गौसेवा और धर्म कार्य में अपनी सहभागिता निभाने की अपील की।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।