बिहार विधानसभा चुनाव नज़दीक आने के साथ ही नेताओं के बयानों में गर्मी बढ़ती जा रही है। एनडीए और महागठबंधन के बीच सियासी जंग तेज हो चुकी है। इसी कड़ी में कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi Bihar )ने बुधवार को मुजफ्फरपुर की एक जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा प्रहार किया।
राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी केवल वोट पाने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री को बस आपका वोट चाहिए। अगर आप कहेंगे कि नरेंद्र मोदी स्टेज पर नाचें, तो वो नाच भी लेंगे। लेकिन जैसे ही चुनाव खत्म होंगे, वे गायब हो जाएंगे।”
कांग्रेस नेता ने मंच से जनता से अपील की कि वे महागठबंधन के उम्मीदवारों को भारी बहुमत से विजयी बनाएं। उन्होंने कहा कि गठबंधन की सरकार “हर समाज और हर धर्म” की सरकार होगी, जिसका उद्देश्य बिहार को विकास की राह पर आगे ले जाना है।
जातीय जनगणना के मुद्दे को उठाते हुए राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर सवाल दागा, “हमने संसद में उनसे जातीय जनगणना कराने की बात कही थी, लेकिन उन्होंने एक शब्द तक नहीं कहा।”
बिहार के लोगों की मेहनत की सराहना करते हुए राहुल ने कहा, “बिहार के लोगों ने दिल्ली बनाई, बेंगलुरु की सड़कें बनाईं, मुंबई को खड़ा किया, यहां तक कि दुबई के निर्माण में भी उनकी मेहनत शामिल है। अगर वे दूसरे राज्यों और देशों को बना सकते हैं, तो बिहार को क्यों नहीं?”
उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी निशाना साधा और कहा कि पिछले 20 सालों में उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में कोई ठोस सुधार नहीं किया। “क्या आप ऐसा बिहार चाहते हैं जहां अपने ही राज्य में रोजगार न मिले?” राहुल ने सवाल उठाया।
मोबाइल और रोजमर्रा की चीज़ों पर “मेड इन चाइना” लिखे होने का ज़िक्र करते हुए राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि नोटबंदी और गलत तरीके से लागू जीएसटी ने छोटे व्यापारियों को तबाह कर दिया है।

राहुल गांधी ने कहा कि अब समय आ गया है कि “मेड इन बिहार” का दौर शुरू हो। “हम ऐसा बिहार बनाना चाहते हैं जहां मोबाइल, कपड़े और रोज़मर्रा की चीज़ें यहीं की फैक्ट्रियों में बनें। बिहार बदल सकता है और हम उसे बदलकर दिखाएंगे।”
उन्होंने अंत में दिल्ली में छठ पूजा के दौरान यमुना किनारे बने तालाबों का ज़िक्र करते हुए कहा कि, “इन्हें न छठ से मतलब है, न संस्कृति से..इन्हें सिर्फ वोट की चिंता है।”
LIVE: Joint Public Meeting | Darbhanga, Bihar https://t.co/Bfp6zWLR6M
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) October 29, 2025
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































