सामाजिक सरोकार में अग्रणी- पीएनबी ने ‘अपना घर’ वृद्धाश्रम व सेवा विकलांग विद्यालय को दी मदद

129

-सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत बैंक अधिकारियों ने अलमिरा, कंबल व आवश्यक सामग्री भेंट कर दिया मानवता का संदेश
हनुमानगढ़ । सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अवसर पर पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) मण्डल कार्यालय, हनुमानगढ़ ने शनिवार को कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) के तहत दो संस्थानों में सेवा और संवेदना का परिचय दिया। इस अवसर पर बैंक अधिकारियों ने ‘अपना घर वृद्धाश्रम’ हनुमानगढ़ टाउन और ‘सेवा विकलांग आवासीय विद्यालय’ हनुमानगढ़ जंक्शन को अलमिरा, कंबल और अन्य आवश्यक सामग्री भेंट की। इस सेवा कार्य का उद्देश्य समाज के उन वर्गों तक सहयोग पहुँचाना रहा, जिन्हें इसकी सबसे अधिक आवश्यकता है। इस पहल से न केवल वरिष्ठ नागरिकों के जीवन में सहजता आएगी, बल्कि विशेष बच्चों की देखभाल और शिक्षा व्यवस्था को भी बल मिलेगा।
पीएनबी मण्डल प्रमुख श्री नीरज कुमार सिन्हा ने बताया कि पंजाब नेशनल बैंक सदैव सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने के लिए तत्पर रहता है। बैंक केवल वित्तीय संस्था नहीं, बल्कि समाज के विकास का सहभागी है। उन्होंने कहा “पीएनबी का प्रयास है कि हम अपनी सेवाओं के साथ-साथ समाज के प्रत्येक वर्ग तक सकारात्मक प्रभाव पहुंचाएं। जरूरतमंदों की मदद करना बैंक की मानवीय प्रतिबद्धता का हिस्सा है।”
इस अवसर पर ‘अपना घर वृद्धाश्रम’ के सचिव कपिल कालड़ा ने पीएनबी के इस नेक योगदान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “बैंक द्वारा प्रदान की गई सामग्री वृद्धजनों के दैनिक जीवन में उपयोगी साबित होगी और यह उनके प्रति समाज की संवेदना का प्रतीक है।”
वहीं ‘सेवा विकलांग आवासीय विद्यालय’ के सचिव हेमन्त गोयल और गोविन्द ने बताया कि यह संस्थान मंदबुद्धि और मूक-बधिर बच्चों के लिए नि:शुल्क विशेष विद्यालय के रूप में कार्यरत है। उन्होंने कहा कि “पीएनबी के इस सहयोग से बच्चों के लिए संसाधनों में सुधार होगा और उन्हें अधिक स्नेहपूर्ण वातावरण मिलेगा।”
कार्यक्रम में पीएनबी के उप मंडल प्रमुख सुधीर कुमार साहू, वरिष्ठ प्रबंधक (राजभाषा) प्रवीण कुमार, नितेश मेहरा, प्रदीप गोयल, चंद्रशेखर धुवारिया एवं अमन सिंह सहित बैंक अधिकारीगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर संस्थानों के सदस्यों एवं बैंक अधिकारियों ने मिलकर यह संकल्प लिया कि ऐसे सामाजिक सरोकार आधारित कार्यक्रम भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे। इस पहल ने न केवल पीएनबी की सामाजिक प्रतिबद्धता को उजागर किया, बल्कि यह संदेश भी दिया कि वित्तीय संस्थाएं जब मानवता के साथ जुड़ती हैं, तो विकास केवल आर्थिक नहीं, बल्कि मानवीय भी होता है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।