दिल्ली (Delhi News) के ऐतिहासिक लाल किले के नजदीक सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसा हुआ। शाम करीब 6 बजकर 55 मिनट पर रेड फोर्ट मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 की पार्किंग में खड़ी एक इको कार अचानक धमाके के साथ फट गई।
विस्फोट इतना तेज़ था कि पास खड़ी तीन अन्य गाड़ियाँ भी आग की लपटों में घिर गईं। शुरुआती जानकारी के अनुसार 11 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब दो दर्जन लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा धमाके में कुछ लोगों की मौत हुई है। दिल्ली क्राइम ब्रांच, स्पेशल ब्रांच की टीमें स्पॉट पर पहुंची। एनएसए की टीम गहन जांच कर रही है। आसपास सभी सीसीटीवी कैमरों की जांच के आदेश दिए गए हैं। दिल्ली CP से बात हुई है। सभी पक्षों की जांच के बाद जो नतीजा आएगा, उसे जनता के सामने रखेंगे। मैं तुरंत स्पॉट पर जा रहा हूं।
धमाके के तुरंत बाद पुलिस ने पूरा इलाका सील कर दिया। फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंच गई है और CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि घटना की वजह का पता लगाया जा सके।
फिलहाल विस्फोट का कारण स्पष्ट नहीं है। यह तकनीकी खराबी थी या किसी साजिश के तहत किया गया धमाका, इसकी जांच जारी है। एहतियात के तौर पर NIA और NSG की टीमें भी मौके पर भेजी गई हैं।
लोक नायक जय प्रकाश नारायण (एलएनजेपी) अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक ने एएनआई को बताया लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास विस्फोट के 15 लोगों को लोक नायक अस्पताल लाया गया है। उनमें से आठ की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। तीन गंभीर रूप से घायल हैं। एक की हालत स्थिर है।

घटना के बाद दिल्ली के साथ-साथ मुंबई, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में भी उच्च सतर्कता (हाई अलर्ट) जारी कर दिया गया है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































