यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने मनाया 107वां स्थापना दिवस

187

-यूनियन बैंक ने विश्वसनीयता और सेवा गुणवत्ता से बनाया देश में विशेष स्थान
हनुमानगढ़। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया का 107वां स्थापना दिवस सोमवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शहर के सुप्रसिद्ध उद्योगपति विनोद जांदू, अशोक गढ़वाल और राकेश गोयल उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन यूनियन बैंक हनुमानगढ़ शाखा परिसर में किया गया, जहां बैंक अधिकारियों और ग्राहकों ने एक साथ स्थापना दिवस का उत्सव मनाया।
शाखा प्रबंधक सोनू कुमार ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बैंक की ऐतिहासिक यात्रा और उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यूनियन बैंक ने अपने 107 वर्षों की यात्रा में न केवल बैंकिंग सेवाओं को सुलभ और पारदर्शी बनाया है, बल्कि डिजिटल क्रांति के माध्यम से ग्राहकों के लिए वित्तीय सेवाओं को घर-घर तक पहुँचाने का कार्य भी किया है। उन्होंने ग्राहकों के विश्वास और सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम में सहायक प्रबंधक मनिका, कैशियर नीतू तथा कस्टमर सहायक गिरधारी माकड़ सहित समस्त बैंक स्टाफ मौजूद रहे। इस अवसर पर ग्राहकों को बैंक की नई डिजिटल सेवाओं और योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही, उत्कृष्ट ग्राहकों को बैंक परिवार की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
मुख्य अतिथि उद्योगपति विनोद जांदू ने अपने उद्बोधन में कहा कि यूनियन बैंक ने सदैव आम नागरिक, किसान, व्यापारी और उद्यमियों की आर्थिक प्रगति में सहयोगी भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि बैंक की विश्वसनीयता, सेवा गुणवत्ता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना ने इसे देश के अग्रणी बैंकों में स्थान दिलाया है। अशोक गढ़वाल और राकेश गोयल ने भी बैंक के निरंतर विकास और ग्राहक संतुष्टि के प्रति समर्पण की सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने केक काटकर स्थापना दिवस का उत्सव मनाया और बैंक के उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। शाखा प्रबंधक सोनू कुमार ने कहा कि यूनियन बैंक आगे भी ग्राहक सेवा और वित्तीय समावेशन के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों को छुएगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।