महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम

132

हनुमानगढ़। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “मुख्यमंत्री नारी शक्ति प्रशिक्षण एवं कौशल संवर्धन योजना” के तहत गुरुवार को टाउन स्थित रॉयल इंस्टिट्यूट ऑफ आईटी मैनेजमेंट में नूतन प्रशिक्षण बैच का शुभारंभ उत्साहपूर्वक किया गया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी, प्रशिक्षार्थी महिलाएं और संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उन्हें तकनीकी एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रदान करना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर राजसीड्स संयंत्र प्रबंधक डॉ. मदन लाल जाट, डिप्टी डायरेक्टर सूचना प्रौद्योगिकी आशीष सिहाग, वरिष्ठ बीज अधिकारी बनवारीलाल बिजारणियां, जूनियर अकाउंटेंट मोनिका वर्मा तथा दलीप कुमार गोदारा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
संस्था निदेशक चंद्रप्रकाश ने बताया कि यह योजना राज्य सरकार की एक प्रभावी पहल है, जिसके माध्यम से महिलाओं को नि:शुल्क प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें रोजगारोन्मुख बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस योजना के अंतर्गत महिलाएं कंप्यूटर शिक्षा, डिजिटल कौशल, कार्यालय प्रबंधन, संवाद कौशल और स्वरोजगार से जुड़ी उपयोगी जानकारियां सीख रही हैं।
मुख्य अतिथि डॉ. मदन लाल जाट ने कहा कि आज के युग में महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी सशक्त पहचान बना रही हैं और राज्य सरकार की यह पहल उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में अग्रसर करने में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने प्रशिक्षार्थियों से आग्रह किया कि वे प्रशिक्षण में गंभीरता और समर्पण के साथ भाग लेकर अपने जीवन में नई दिशा स्थापित करें।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।