पहली बार राजस्थान स्टेट माउंटेन बाइक चैंपियनशिप का आगाज

98

-राज्यभर से पहुंचे सैकड़ों खिलाड़ी, जूनियर–सीनियर सभी वर्गों में दिखा उत्साह
हनुमानगढ़। जिला साइक्लिंग संघ द्वारा पहली बार जिले में आयोजित की जा रही राजस्थान स्टेट माउंटेन बाइक चैंपियनशिप 2025 का भव्य आगाज शुक्रवार को हुआ। स्थानीय खेल प्रेमियों व खिलाड़ियों में इस आयोजन को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि अमित सहू रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला साइक्लिंग संघ अध्यक्ष मदन लाल सुथार ने की। प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारम्भ दीप प्रज्ज्वलन और खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देकर किया गया।
जिला साइक्लिंग संघ के सचिव दलीप वर्मा ने बताया कि स्टेट स्तर पर आयोजित होने वाली इस माउंटेन बाइक चैंपियनशिप में राजस्थान के विभिन्न जिलों—जयपुर, कोटा, बीकानेर, श्रीगंगानगर, उदयपुर, अलवर, झुंझुनूं, चूरू सहित कई जिलों से बड़ी संख्या में खिलाड़ी पहुंचे। प्रतियोगिता में जूनियर, सब-जूनियर और सीनियर वर्ग के महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों ने भाग लिया। सभी वर्गों के प्रतिभागियों ने अपने कौशल, संतुलन और गति का शानदार प्रदर्शन किया। कठिन ट्रैक और माउंटेन बाइकिंग के तकनीकी चुनौतियों के बावजूद खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
कार्यक्रम में राजस्थान साइक्लिंग संघ के सचिव ओ.पी. विश्वकर्मा, संयुक्त सचिव रमेश जांगिड़, जी.एस. खत्री, साइक्लिंग कोच राजेंद्र कंबोज, जिला साइक्लिंग संघ के संयुक्त सचिव योगेंद्र सिंह, विजय कुमार मॉयल, शारीरिक शिक्षक कंचन मुजराल, जिला साइक्लिंग संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राकेश डाल, सुशील निमिवाल, एथलेटिक्स कोच सुनील सांवरिया, एडवोकेट दीपक सोनी, सामाजिक कार्यकर्ता गुरदौर सिंह, शारीरिक शिक्षक अंग्रेज सिंह, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हरजिंदर सिंह काला, बलकरण सिंह, अशोक कुमार यादव, खेतपाल विश्नोई, राजपाल वर्मा, सुभाष सुथार और राजेश बागोरिया सहित अनेक खेलप्रेमी और अधिकारी उपस्थित रहे।
अतिथियों ने कहा कि हनुमानगढ़ जैसे सीमांत जिले में स्टेट स्तर की चैंपियनशिप का आयोजन होना खेल जगत के लिए बड़ी उपलब्धि है। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को भी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं का अनुभव मिलेगा और भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर बढ़ेगा। कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों को खेल भावना को सर्वोपरि रखते हुए पूर्ण समर्पण और ऊर्जा के साथ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया गया।
प्रतियोगिता दिनभर रोमांचक मुकाबलों के साथ जारी रही। जिले के खेलप्रेमी बड़ी संख्या में स्थल पर पहुंचे और खिलाड़ी उत्साहवर्धन करते रहे। सचिव दलीप वर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता के अगले चरण के तहत रोड स्टेट साइक्लिंग चैंपियनशिप कल 15 नवंबर को प्रातः 7 बजे मकासर गांव में आयोजित की जाएगी। इस आयोजन के लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।