अखिल भारतीय अग्रवाल महिला संगठन ने अमित बघेल की गिरफ्तारी की उठाई मांग*

132

*- धार्मिक उन्माद भड़काने और समाज की भावनाएं आहत करने का आरोप, गृह मंत्री के नाम पुलिस अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन, कठोर कार्रवाई की मांग*
हनुमानगढ़। अखिल भारतीय अग्रवाल महिला संगठन ने भगवान श्री अग्रसेन सहित समाज के महापुरुषों के विरुद्ध अभद्र, अशोभनीय और समाज विरोधी टिप्पणियां करने वाले छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना एवं जय जोहार पार्टी के अध्यक्ष अमित बघेल की तत्काल गिरफ्तारी और कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग केंद्र सरकार से की है। इसी संबंध में अखिल भारतीय अग्रवाल महिला संगठन के बैनर तले जिलाध्यक्ष सुनीता अग्रवाल के नेतृत्व में अग्रवाल समाज के वरिष्ठ लोगों ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर गृह मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि अमित बघेल ने सोशल मीडिया पर सार्वजनिक रूप से जिस प्रकार अग्रवाल समाज के आराध्य देव भगवान अग्रसेन के प्रति अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया है, उसने न केवल समाज की धार्मिक भावनाओं को आहत किया है, बल्कि इससे सामाजिक सौहार्द को भी गहरा आघात पहुंचा है।
जिलाध्यक्ष सुनीता अग्रवाल ने आरोप लगाया कि अमित बघेल ने जानबूझकर अग्रसेन महाराज, संत झूलेलाल, देश के पुरोधा पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय जैसे राष्ट्रनिर्माताओं के प्रति अमर्यादित और अपमानजनक टिप्पणियां कीं। उन्होंने कहा कि यह कृत्य केवल किसी एक समाज या समुदाय का अपमान नहीं, बल्कि सभी भारतीयों की आस्था पर सीधा प्रहार है। सुनीता अग्रवाल ने कहा कि “मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के वंशज भगवान अग्रसेन के प्रति की गई अशोभनीय टिप्पणी करोड़ों अग्रवाल समाजजनों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ है। इस प्रकार की भाषा किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं हो सकती।”
उन्होंने कहा कि समाज की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना, सामाजिक उन्माद भड़काना और देश के महापुरुषों की छवि धूमिल करना किसी भी स्थिति में क्षम्य नहीं है। यह एक सुनियोजित साजिश प्रतीत होती है, जिसका उद्देश्य देश में विभिन्न समुदायों के बीच वैमनस्य फैलाना और आपसी सौहार्द बिगाड़ना है। इस तरह की टिप्पणियों से न केवल अग्रवाल समाज, बल्कि पूरे राष्ट्र का सम्मान आहत होता है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।