श्री राम प्रभात फेरी मंडल ने गौसेवा हेतु दिया 51 हजार का सहयोग, गौशाला समिति अध्यक्ष भीष्म कौशिक को सुपुर्द की राशि

226
– अब तक 27 लाख 55 हजार रुपए का कर चुके हैं योगदान, निस्वार्थ सेवा को सराहा, अन्य समितियों को भी प्रेरणा लेने का आह्वान
हनुमानगढ़। श्री राम प्रभात फेरी मंडल हनुमानगढ़ द्वारा रविवार को गो सेवा आश्रम, कैनाल कॉलोनी हनुमानगढ़ जंक्शन में गौ माता की सेवा के लिए 51,000 रुपये का आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया। यह राशि समिति के अध्यक्ष भीष्म कौशिक को एक सादे समारोह में सुपुर्द की गई। प्रभात फेरी मंडल के सदस्यों ने बताया कि प्रतिदिन किए जाने वाले भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजनों से प्राप्त होने वाली दान राशि को शहर की विभिन्न गौशालाओं को समय-समय पर प्रदान किया जाता है, ताकि गौवंश की देखभाल और सेवा सुचारू रूप से हो सके।
मंडल सदस्यों ने जानकारी दी कि समिति द्वारा अब तक कुल 27 लाख 55 हजार रुपये की राशि शहर की गौशालाओं को सहयोग स्वरूप प्रदान की जा चुकी है। उनका कहना था कि यह प्रयास केवल आर्थिक सहयोग तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में गौसेवा की भावना को जागृत करने का भी एक माध्यम है। सदस्यों ने बताया कि प्रभात फेरी मंडल के सभी कार्यकर्ता निस्वार्थ भाव से भजन-कीर्तन के माध्यम से धन एकत्रित करते हैं और उसे पूरी पारदर्शिता के साथ गौसेवा कार्यों में लगाते हैं।
गौशाला समिति के अध्यक्ष भीष्म कौशिक ने श्री राम प्रभात फेरी मंडल द्वारा किए जा रहे इस सत्कर्म के लिए समस्त मंडल सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मंडल द्वारा निस्वार्थ भाव से की जा रही सेवा वास्तव में समाज के सामने एक प्रेरणादायी उदाहरण है। कौशिक ने कहा कि गौसेवा को बढ़ावा देने और गौवंश के संरक्षण के लिए ऐसे सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने शहर की अन्य सामाजिक एवं धार्मिक समितियों से भी आव्हान किया कि वे श्री राम प्रभात फेरी मंडल से प्रेरणा लेकर इसी प्रकार के सामाजिक और सेवा कार्यों में सहयोग बढ़ाएं।
इस अवसर पर मंडल के अनेक सदस्य उपस्थित रहे और सभी ने गौसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम का समापन गौमाता की आरती के साथ किया गया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।