नशामुक्त हनुमानगढ़ के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग तेज

154

-ग्रामीणों ने सामाजिक कार्यकर्ता सुरेंद्र गोदारा के नेतृत्व में एडीएम को सौंपा ज्ञापन
हनुमानगढ़। 
जिले में बढ़ते नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने और युवाओं को नशे की चपेट से बचाने की मांग को लेकर सोमवार को सामाजिक कार्यकर्ता सुरेंद्र गोदारा (डबलीकलां) के नेतृत्व में ग्रामीणों ने अतिरिक्त जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जिले में चिट्टा, नशीली दवाइयों और इंजेक्शनों के खुलेआम बिक्री होने पर गहरी चिंता जताई गई तथा इसे रोकने के लिए प्रशासन से विशेष अभियान चलाने की अपील की गई। ग्रामीण सुरेंद्र गोदारा ने बताया कि हनुमानगढ़ जिले में लंबे समय से नशे का नेटवर्क सक्रिय है, जो अब खतरनाक स्तर तक पहुंच चुका है। चिट्टा, नशीली गोलियां और इंजेक्शन न केवल शहर में बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी बड़ी मात्रा में बेचे जा रहे हैं। कई जगह तो नशे की होम डिलीवरी तक की जा रही है, जिससे खास तौर पर युवाओं और स्कूली बच्चों का भविष्य बर्बाद हो रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि कम उम्र के बच्चे भी नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं और कई परिवार ऐसे हैं, जहां सभी बच्चे नशे के कारण बरबादी के कगार पर पहुंच चुके हैं।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि जिले में नशा कैंसर से भी अधिक खतरनाक साबित हो रहा है। नशे की लत लगने के बाद युवक 3दृ4 साल के भीतर ही मौत के मुंह में चले जाते हैं। कई बहन-बेटियां कम उम्र में ही विधवा हो रही हैं और समाज का तानाबाना टूट रहा है। ग्रामीणों ने यह माना कि प्रशासन ने पूर्व में कुछ अभियान चलाए थे, जो सराहनीय रहे, लेकिन मौजूदा स्थिति को देखते हुए इन प्रयासों को और अधिक व्यापक और कठोर बनाने की आवश्यकता है। सुरेंद्र गोदारा ने मांग की कि जिला प्रशासन नशे के खिलाफ एक बड़ा विशेष अभियान तत्काल प्रभाव से शुरू करे, जिसमें पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और सामाजिक संस्थाएँ मिलकर काम करें। साथ ही यह भी आग्रह किया गया कि सभी शैक्षणिक संस्थानों में शिक्षक बच्चों को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक करें और नियमित रूप से संदेश दें।
ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि नशे पर ठोस कार्रवाई और प्रभावी नियंत्रण नहीं हुआ, तो ग्रामीणों को आंदोलन का सहारा लेना पड़ सकता है। उपस्थित ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा कि नशामुक्त हनुमानगढ़ अभियान अब समय की मांग है और इस दिशा में प्रशासन को युद्धस्तर पर कदम उठाने होंगे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।