एनएसएस इकाई का तृतीय एक दिवसीय शिविर सम्पन्न

113

– स्वयं सेविकाओं ने सफाई, पार्क सौंदर्यीकरण व नेचुरोपैथी रैली में निभाई सक्रिय भागीदारी
हनुमानगढ़ । सेठ राधा किशन बिहाणी राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की द्वितीय इकाई द्वारा तृतीय एक दिवसीय शिविर का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। शिविर का शुभारंभ सरस्वती वंदना व लक्ष्य गीत के सामूहिक गायन से हुआ, जिसके साथ ही विद्यालय परिसर में सामाजिक सेवा और स्वच्छता का संदेश भी गूंज उठा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वयं सेविकाओं ने पूरे मनोयोग से भाग लिया।
शिविर के प्रथम चरण में एनएसएस स्वयं सेविकाओं ने विद्यालय परिसर की साफ–सफाई अभियान की जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने कक्षाओं, कॉरिडोर, प्रांगण व मुख्य द्वार क्षेत्र को स्वच्छ बनाते हुए स्वच्छ विद्यालय–सुंदर विद्यालय का संदेश दिया। इसके अलावा विद्यालय से सटे पार्क में जाकर घास–फूस व खरपतवार की सफाई कर पार्क सौंदर्यीकरण व पर्यावरण संरक्षण का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। स्वयं सेविकाओं का यह प्रयास स्थानीय लोगों द्वारा भी सराहा गया।
राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय, हनुमानगढ़ टाउन के सहयोग से नेचुरोपैथी दिवस पर विशेष कार्यक्रम भी शिविर का मुख्य आकर्षण रहा। चिकित्सकों व विशेषज्ञों ने उपस्थित छात्राओं को प्राकृतिक चिकित्सा, स्वस्थ जीवनशैली, योग, सूर्यस्नान, जल चिकित्सा तथा बिना दवा के प्राकृतिक तरीकों से स्वास्थ्य लाभ के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। इसके बाद स्वयं सेविकाओं को नेचुरोपैथी जागरूकता रैली में भाग लेने का अवसर मिला, जिसमें उन्होंने जन–जन तक प्राकृतिक चिकित्सा के महत्व का संदेश पहुंचाया। रैली के दौरान छात्राओं ने पर्यावरण, स्वास्थ्य और स्वच्छता से जुड़े नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।