कामधेनु सत्संग हाल में विशाल हवन व भंडारे का आयोजन
हनुमानगढ़ टाउन की श्री गौशाला के कामधेनु सत्संग हाल में आयोजित श्री राम कथा के समापन अवसर पर आज विशाल हवन यज्ञ का भव्य आयोजन किया गया। हवन यज्ञ में मुख्य यजमान पंकज सर्राफ सधर्मपत्नी रहीं। पंडित जी ने पूर्ण विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हवन सम्पन्न करवाया। पूरे परिसर में धार्मिक माहौल और भक्तिमय वातावरण का संचार देखने को मिला।
श्री गौशाला समिति के अध्यक्ष मनोहर लाल बंसल ने बताया कि श्री राम कथा का आयोजन 12 नवंबर से 20 नवंबर 2025 तक बाल संत भोले बाबा जी (ऋषिकेश वाले) के पावन मुखारविंद से किया गया। नौ दिनों तक चली इस कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम के जीवन आदर्शों को आत्मसात किया। कल कथा का विधिवत समापन हुआ, तथा आज उसके उपरांत विशाल हवन यज्ञ और भंडारे का आयोजन किया गया। हवन में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर आहुति प्रदान की। बड़ी संख्या में भक्त उपस्थित रहे और पूजा-हवन में शामिल होकर अपने व परिवार के कल्याण की कामना की। वहीं भंडारे में सैकड़ों की तादाद में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन स्थल पर गरिमामयी आध्यात्मिक अनुभूति अनुभव की गई। यह श्री राम कथा स्वर्गीय दुलारी देवी सर्राफ, धर्मपत्नी स्वर्गीय चंडूराम सर्राफ, की स्नेहपूर्ण स्मृति में उनके पुत्र पंकज सर्राफ परिवार द्वारा आयोजित की गई थी। परिवार ने इस आयोजन को सफल बनाने के लिए पूर्ण समर्पण से व्यवस्था संभाली तथा कथा से लेकर हवन-भंडारे तक सभी कार्यक्रमों का सावधानीपूर्वक संचालन किया। इस अवसर पर आयोजक पंकज सर्राफ ने सभी श्रद्धालु भक्तों, गौशाला समिति के पदाधिकारियों और अन्य सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से यह दिव्य आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न हो सका। उन्होंने आशा व्यक्त की कि आने वाले समय में भी ऐसे आध्यात्मिक आयोजनों में सभी का स्नेह व सहभागिता इसी प्रकार बनी रहेगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































