रोजगार गारंटी व सेवा सुनिश्चितता की माँग को लेकर मुख्यमंत्री व उच्च शिक्षा मंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

101

हनुमानगढ़। विद्या संबल सहायक आचार्य संघ, राजस्थान प्रदेश के बैनर तले प्रदेशभर के विद्या संबल शिक्षकों ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर जिला कलक्टरेट के समक्ष जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान शिक्षकों ने राज्य सरकार से रोजगार गारंटी व सेवा की सुनिश्चितता प्रदान करने की माँग को लेकर मुख्यमंत्री, उच्च शिक्षा मंत्री तथा डिप्टी सीएम राजस्थान सरकार के नाम जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। संघ के सदस्य हवा सिंह ढाका ने बताया कि प्रदर्शन में हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, सूरतगढ़, विजयनगर सहित विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में सहायक आचार्य शामिल हुए और अपनी एकजुटता दिखाते हुए मांगों को मजबूती से उठाया।
शिक्षकों ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि प्रदेश के 374 राजसेस राजकीय महाविद्यालयों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों में लगभग 2700 सहायक आचार्य विद्या संबल योजना के तहत वर्षों से सेवाएँ दे रहे हैं। इनका चयन यूजीसी एक्ट 2018 के तहत टेबल नंबर 3 बी , में वर्णित प्रक्रिया के अनुसार किया गया था। शिक्षकों का कहना है कि उच्च योग्यता और चयन प्रक्रिया का पालन करने के बावजूद उन्हें स्थायी व्यवस्था व नियमित वेतनमान प्राप्त नहीं हो रहा, जिससे उनके भविष्य व सामाजिक सुरक्षा पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
संघ ने हरियाणा , गुजरात, मध्य प्रदेश दिल्ली चणडीगढ़ बीजेपी शासित प्रदेशों की सरकार का उदाहरण देते हुए कहा कि हरियाणा प्रदेश में इसी तरह कार्यरत सहायक आचार्यों को नवंबर 2024 में ‘हरियाणा विस्तार प्राध्यापक एवं अतिथि प्राध्यापक (सेवा सुनिश्चितता) विधेयक 2024’ लागू कर रोजगार की गारंटी प्रदान की गई है। शिक्षकों ने राजस्थान सरकार से भी समान व्यवस्था लागू करने की माँग की, जिससे नेट/सेट/एम.फिल/पीएचडी धारी उच्च शिक्षित सहायक आचार्यों को स्थिर मासिक वेतन, सेवा की सुरक्षा और रोजगार की निश्चितता प्राप्त हो सके।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि विद्या संबल योजना से प्रदेश के उच्च शिक्षा संस्थानों को निरंतर शैक्षणिक लाभ मिल रहा है, ऐसे में शिक्षकों को भी सम्मानजनक और सुरक्षित सेवा शर्तें मिलनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार जल्द ही सकारात्मक निर्णय नहीं लेती, तो आंदोलन को व्यापक स्तर पर जारी रखा जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।