उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में धराली के खीरगंगा (uttarkashi cloudburst) में भारी क्लाउडबर्स्ट (बादल फटना) के बाद बाढ़ का कहर बरपा। इस आपदा में गांव बुरी तरह तबाह हो गया है और कई लोगों के लापता होने की आशंका जताई जा रही है। कुदरती आपदा ने गांव को बहा लिया और कई घर, होमस्टे व होटल जल-जमाव में डूब गए।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को उत्तराखंड में अत्यधिक बारिश की चेतावनी जारी की थी। कई इलाकों में तेज वर्षा के चलते नदी-नाले उफान पर हैं और इसके परिणामस्वरूप बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो रही है।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उत्तरकाशी के धराली क्षेत्र में बादल फटने की सूचना मिली है, जहां जलस्तर बढ़ने से भारी नुकसान हुआ है।
उत्तराखंड के धराली में बादल फटा, गांव बहा, देखें VIDEO #UttarakhandNews #uttarkashicloudburst #uttarkashi #Dharali #viralvideo pic.twitter.com/vktaSBriGh
— Panchdoot (@Panchdoot1) August 5, 2025
बाढ़ के चलते 20 से 25 होटल व होमस्टे तबाह हो गए हैं। स्थानीय लोगों से मिली सूचना के अनुसार, 10 से 12 मजदूरों के दबे हो सकते हैं। 50 से ज्यादा लापता हैं। स्थानीय राजेश पंवारका कहना है कि खीर गंगा के जल ग्रहण क्षेत्र में ऊपर कहीं बादल फटा, जिस कारण यह विनाशकारी बाढ़ आई है। बाढ़ से लोगों में दहशत का माहौल है।
सामने आयी भयावह तस्वीरें और वीडियो
सोशल मीडिया पर क्लाउडबर्स्ट के दौरान की गई तस्वीरों और वीडियो में देखा जा सकता है कि तेज बहाव में कई घर बह गए। खेत-खलिहान पूरी तरह पानी में डूब गए और नदी किनारे तक खड़ी संरचनाएं धराशायी हो गईं। भारी तबाही की तस्वीरों ने स्थानीय प्रशासन में अलर्ट की स्थिति पैदा कर दी है। धराली बाजार पूरी तरह तबाह हो गया है। कई होटल दुकानें ध्वस्त हो चुकी हैं। यहां पिछले 2 दिनों से भारी बारिश हो रही है।
प्राचीन मंदिर मलबे में दबा
बाढ़ के चलते धराली बाजार को भारी नुकसान पहुंचा है चारों ओर केवल बाढ़ के साथ आया मलबा नजर आ रहा है। लोग अपने घरों को छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जा रहे हैं। बाढ़ के चलते खीर गंगा के तट पर स्थित प्राचीन कल्प केदार मंदिर के भी मलबे में दबने सूचना है।
व्हाट्सऐप चैनल से जुड़ें, ताकि ऐसी ज़रूरी खबरें आप तक तुरंत पहुंचें। [यहां क्लिक करें]

राहत और बचाव कार्य जारी
उत्तरकाशी पुलिस ने बताया कि खीर गढ़ की जलस्तर वृद्धि के कारण धाराली में तबाही हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, SDRF, भारतीय सेना और अन्य आपदा प्रतिक्रिया टीमों को तत्काल राहत एवं बचाव कार्य के लिए मौके पर भेजा गया है। राज्य की आपदा टीम, पुलिस और सुरक्षाबल प्रभावित इलाकों में बचाव व खोज-बीन में जुटे हैं।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































