राजधानी दिल्ली (Delhi Blast CCTV) में सोमवार शाम एक बड़ा हादसा हुआ जब लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास चलती हुई सफेद i20 कार में शाम 6 बजकर 52 मिनट पर विस्फोट हो गया। धमाके में दो महिलाओं समेत 9 लोगों की जान चली गई, जबकि करीब 24 लोग घायल हुए हैं।
घटना के तुरंत बाद सामने आए CCTV फुटेज में देखा गया कि एक सफेद कार पार्किंग क्षेत्र से बाहर निकल रही है। जांच एजेंसियों को संदेह है कि उस गाड़ी में आतंकी डॉ. मोहम्मद उमर मौजूद था।
पुलिस के मुताबिक, उमर संभवतः फरीदाबाद मॉड्यूल से जुड़ा हुआ है। कुछ ही दिन पहले जम्मू-कश्मीर पुलिस ने हरियाणा के फरीदाबाद से लेकर लखनऊ तक चलाए गए एक विशेष अभियान में करीब 2,900 किलो संदिग्ध अमोनियम नाइट्रेट बरामद किया था। उसी कार्रवाई के दौरान फरीदाबाद से डॉ. मुजम्मिल शकील और लखनऊ से डॉ. शाहीन शाहिद नाम की महिला डॉक्टर को गिरफ्तार किया गया था।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के सूत्रों का कहना है कि डॉ. उमर विस्फोट से पहले करीब ढाई से तीन घंटे तक उसी i20 कार में मौजूद था और इस दौरान वह एक बार भी वाहन से बाहर नहीं निकला। माना जा रहा है कि वह किसी का इंतज़ार कर रहा था या किसी निर्देश के मिलने की प्रतीक्षा में था।

घटना के बाद पुलिस ने UAPA (Unlawful Activities Prevention Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। सुरक्षा एजेंसियां इस घटना को आत्मघाती हमले के कोण से भी जांच रही हैं। हालांकि, शुरुआती फॉरेंसिक रिपोर्ट में RDX जैसे उच्च विस्फोटक के कोई प्रमाण नहीं मिले हैं।
फिलहाल इलाके की घेराबंदी कर जांच जारी है और NIA, NSG व दिल्ली पुलिस की टीमें लगातार सबूत जुटाने में लगी हुई हैं।
धमाके के बाद से अबतक क्या-क्या हुआ?
- मरने वालों की उम्र 21 से 58 साल के बीच है। इनमें से दो शवों की पहचान हो सकी है। धमाके में लोग बुरी तरह जल गए या कुछ के शरीर के टुकड़ों में दूर-दूर तक बिखर गए। ब्लास्ट कार के पिछले हिस्से में हुआ। इसकी आवाज एक किमी तक सुनाई दी। धमाके से आसपास खड़ी 6 कारें, 2 ई-रिक्शा और 1 ऑटो जल गए।
- पुलिस के मुताबिक जिस कार में धमाका हुआ उसमें तीन लोग थे। कार हरियाणा के गुरुग्राम में सलमान के नाम पर रजिस्टर्ड थी। पुलिस ने सलमान को हिरासत में ले लिया है। सलमान ने कार पुलवामा के तारिक को बेची थी। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
- एक अधिकारी ने बताया कि घायलों के शरीर पर छर्रे या स्प्लिंटर की चोटें नहीं हैं, जो आमतौर पर बम धमाके में मिलती हैं। वहीं, शवों की जांच करने वाले एलएनजेपी अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि आमतौर पर आईईडी विस्फोट में मृतकों के शरीर काले पड़ जाते हैं, लेकिन इस धमाके में ऐसा नहीं दिखा है।
- ब्लास्ट को लेकर गृह मंत्री अमित शाह हाई लेवल मीटिंग करेंगे। इसमें इंटेलीजेंस ब्यूरो चीफ, जम्मू कश्मीर पुलिस समेत सुरक्षा एजेंसियों के बड़े अधिकारी शामिल होंगे। NIA इस केस की जांच अपने हाथ में ले सकती है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































