इंडिगो (Indigo compensation) की लगातार उड़ानें रद्द होने की वजह से पिछले दिनों हजारों यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। नौ दिनों के भीतर 5,000 से अधिक फ्लाइटें कैंसिल होने का सबसे ज्यादा असर उन लोगों पर पड़ा, जो टिकट लेकर एयरपोर्ट पहुंच चुके थे। हालांकि अब ऐसे यात्रियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है।
एयरलाइन ने घोषणा की है कि जिन लोगों को सबसे अधिक दिक्कत हुई, उन्हें 5,000 से 10,000 रुपये तक का मुआवजा दिया जाएगा। यह राशि ट्रैवल वाउचर के रूप में दी जाएगी, जिसे अगले एक साल तक किसी भी इंडिगो उड़ान में इस्तेमाल किया जा सकता है। कौन-सा यात्री कितना मुआवजा पाएगा और इसके लिए प्रक्रिया क्या है आइए समझते हैं।
किसे मिलेगा कितना मुआवजा?
इंडिगो ने बताया कि जिन यात्रियों की उड़ान तय समय से 24 घंटे पहले रद्द की गई, उन्हें 5,000 से 10,000 रुपये तक का वाउचर मिलेगा। मुआवजे की राशि फ्लाइट के ब्लॉक टाइम और रूट के आधार पर तय होगी।
इसके अलावा, जिन यात्रियों को एयरपोर्ट पर लंबा इंतजार करना पड़ा, भीड़ में खड़े रहना पड़ा या जिन्हें कई बार बोर्डिंग गेट बदलना पड़ा। ऐसे लोगों के लिए अतिरिक्त 10,000 रुपये तक के वाउचर निर्धारित किए गए हैं।
एयरलाइन का कहना है कि 2 से 5 दिसंबर के बीच जिन यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ी, उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी। अगर आप भी उन्हीं दिनों प्रभावित हुए हैं, तो आप मुआवजे के पात्र हैं।
मुआवजा पाने की प्रक्रिया क्या है?
कई यात्रियों के मन में सवाल है कि यह वाउचर मिलेगा कैसे? प्रक्रिया सरल है। सबसे पहले अपने सभी दस्तावेज- फ्लाइट बुकिंग डिटेल, PNR, यात्रा की तारीख- सामान्य रखें। फिर इंडिगो की वेबसाइट, मोबाइल ऐप या कस्टमर केयर चैनल पर जाकर “Refund/Compensation” सेक्शन में अपनी जानकारी अपलोड करें।

अगर आप एयरपोर्ट पर लंबे समय तक रुके थे, तो उस दौरान ली गई फोटो, वीडियो या एयरलाइन स्टाफ के मैसेज/इंस्ट्रक्शन के स्क्रीनशॉट भी साथ लगाएं। इस बार एयरलाइन खुद यात्रियों से रिकॉर्ड मांग रही है ताकि वाउचर जल्दी जारी किए जा सकें।
अगर जवाब न मिले तो क्या करें?
यदि तय समय में इंडिगो प्रतिक्रिया नहीं देती या आपका क्लेम आगे नहीं बढ़ता, तो DGCA के शिकायत पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। वहां शिकायत सीधे रेगुलेटर तक पहुंचती है, जिससे एयरलाइन को जवाब देना अनिवार्य हो जाता है। चाहें तो उपभोक्ता आयोग तक भी जा सकते हैं।
एयरलाइन ने स्पष्ट किया है कि इस बार यात्रियों की परेशानी का पूरा ध्यान रखा जाएगा। बस जरूरी है कि आप अपना क्लेम सही दस्तावेजों के साथ समय पर दर्ज करें।
वीडियो देखें
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































