राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले (Pratapgarh News) के धरियावद की एक घटना सोशल मीडिया पर आग की तरफ गई है। मामला एक महिला को निर्वस्त्र कर घुमाने का सामने आया है। पीड़िता के पति ने ही गांव वालों के सामने महिला को 1 किमी तक दौड़ाया। घटना 31 अगस्त की है। शुक्रवार को वीडियो वायरल होने के बाद मामले का खुलासा हुआ।
जानकारी के अनुसार, शादी के छह महीने बाद महिला पड़ोस के गांव ऊपला कोटा के एक युवक के साथ चली गई थी। महिला साल भर बाद 30 अगस्त को जब युवक के साथ वापस लौटी, तो उसके ससुराल वाले उसे जबरन अपने गांव पहाड़ा ले आए।
इसके बाद पति ने गांव वालों के सामने ही उसके कपड़े उतारे और निर्वस्त्र कर घुमाया। जो वीडियो वायरल हुआ, उसमें वह जोर-जोर से चीख रही है और छोड़ देने की गुहार लगा रही है। इस दौरान गांव के कई लोग सिर्फ देखते रहे और वीडियो बनाते रहे, लेकिन किसी ने पति को नहीं रोका। महिला छह महीने की गर्भवती है।
ये भी पढ़ें: INDIA vs Pakistan भारत-पाक मैच में विराट-बाबर बना सकते हैं ये 2 बड़े रिकॉर्ड
गिरफ्तारी के डर से जंगल में भागे आरोपी
आरोपियों को शुक्रवार रात ही यह खबर लग गई थी कि पुलिस गिरफ्तार करने आ रही है। इसके बाद इन्होंने जंगल की तरफ भागने की कोशिश की। इससे इनके पैरों में चोटें आईं। हालांकि, पुलिस ने तीन को गिरफ्तार कर लिया। इनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छह टीमें गठित की गई हैं। SP अमित कुमार ने बताया कि महिला की शादी डेढ़ साल पहले ही इस गांव के युवक के साथ हुई थी। महिला ने देर रात पुलिस में शिकायत की। इसके बाद FIR दर्ज की गई है। इसमें 10 लोगों के नाम हैं। पुलिस ने अब तक 7 लोगों को गिरफ्तार किया है।
ये भी पढ़ें: मणिपुर में 2 महिलाओं को निर्वस्त्र वीडियो वायरल होने के बाद एक गिरफ्तार, पीड़ित महिला ने सुनाई आपबीती
पीड़िता से अशोक गहलोत का वादा
धरियावद (प्रतापगढ़) गेस्ट हाउस में सीएम अशोक गहलोत ने पीड़िता से करीब 20 मिनट तक बातचीत की। इस दौरान पीड़िता के माता-पिता भी साथ थे। सीएम ने पीड़िता को सरकारी नौकरी और 10 लाख रुपए मुआवजा देने की घोषणा की।
इस घटना से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर ट्रेंड में है। पंचदूत पत्रकारिता के नियमों का ध्यान रखते हुए इस घटना की तस्वीर और वीडियो नहीं लगा रही है। आप सभी से ये निवेदन है कि अगर आपने इस घटना की वीडियो या तस्वीरें अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल (फेसबुक, ट्विटर आदि) पर शेयर की है। कृपया डिलीट मार दें। इससे महिला की पहचान उजागर होने से बचेंगी।




































