विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC New Rules ) ने 13 जनवरी 2026 को उच्च शिक्षा संस्थानों में समानता बढ़ाने से जुड़े नए नियमों को लेकर एक आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया। इन नियमों को मीडिया में ‘UGC बिल 2026’ कहा जा रहा है। यह नियम साल 2012 में लागू की गई गाइडलाइंस की जगह लेंगे, जो अब तक केवल सलाह के रूप में थीं। 2026 के नए नियम कानूनी रूप से लागू होंगे और इनमें सख्त व्यवस्था की गई है, ताकि देश के कॉलेजों और यूनिवर्सिटियों में किसी भी तरह का भेदभाव न हो।
UGC बिल 2026 में क्या-क्या बदला?
नए नियमों में अब सिर्फ दाखिले तक सीमित रहने के बजाय पूरे कैंपस अनुभव पर ध्यान दिया गया है। इसके तहत संस्थानों के प्रमुखों को छात्रों और कर्मचारियों की सुरक्षा और सम्मान की सीधी जिम्मेदारी दी गई है।
- हर उच्च शिक्षा संस्थान में इक्वल ऑपर्च्युनिटी सेंटर (EOC) बनाना अनिवार्य होगा। यह सेंटर समानता से जुड़ी नीतियों, काउंसलिंग और शिकायतों के निपटारे का मुख्य केंद्र होगा।
- इसके अलावा हर EOC के तहत एक इक्विटी कमेटी बनाई जाएगी, जिसकी अध्यक्षता यूनिवर्सिटी के वाइस-चांसलर या कॉलेज के प्रिंसिपल करेंगे। इस कमेटी में SC, ST, OBC, महिलाएं और दिव्यांग वर्ग (PwBD) के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
- शिकायतों के निपटारे के लिए समय सीमा भी तय की गई है। शिकायत मिलने के 24 घंटे के भीतर कार्रवाई शुरू करना और 15 कार्यदिवस में अंतिम रिपोर्ट देना अनिवार्य होगा।
- पहली बार OBC वर्ग को भी संरक्षित श्रेणी में शामिल किया गया है। पहले यह नियम केवल SC और ST तक सीमित थे। इससे विश्वविद्यालयों की जिम्मेदारी का दायरा और बढ़ गया है।
- इसके साथ ही संस्थानों को 24 घंटे की इक्विटी हेल्पलाइन और एक ऑनलाइन पोर्टल भी चलाना होगा, जहां छात्र किसी भी समय भेदभाव या उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कर सकें।
छात्रों को क्या फायदा होगा?
UGC का कहना है कि ये नियम सिर्फ कागज़ों तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि कैंपस की संस्कृति में वास्तविक बदलाव लाएंगे। नए नियमों में ‘मानवीय गरिमा’ को विशेष महत्व दिया गया है, जिससे हॉस्टल, लैब और क्लासरूम में होने वाले सीधे और परोक्ष दोनों तरह के भेदभाव से छात्रों को सुरक्षा मिलेगी।
अब संस्थानों के प्रमुखों की जवाबदेही तय होगी, जिससे शिकायतों को दबाने या जांच में देरी करने की गुंजाइश कम हो जाएगी। 15 दिन की तय समय सीमा से छात्रों को महीनों तक न्याय का इंतज़ार नहीं करना पड़ेगा।
इसके अलावा इक्विटी स्क्वॉड और स्टूडेंट एम्बेसडर बनाए जाएंगे, जो कैंपस के संवेदनशील इलाकों पर नज़र रखेंगे और भेदभाव या बुलिंग को पहले ही रोकने का काम करेंगे।

संस्थानों के लिए क्या मायने रखता है UGC बिल 2026?
UGC ने नियमों का पालन न करने पर सख्त कार्रवाई का प्रावधान किया है। अगर कोई संस्थान EOC नहीं बनाता या नियमों का पालन नहीं करता है, तो उसे
- UGC की ग्रांट और योजनाओं से बाहर किया जा सकता है,
- डिग्री देने की मान्यता छीनी जा सकती है,
- यहां तक कि UGC एक्ट के तहत यूनिवर्सिटी की मान्यता भी रद्द हो सकती है।
ये भी पढ़ें: इन वजहों से 2 दशक से अटकी थी भारत-EU ट्रेड डील, जानें किस देश को होंगे क्या फायदे?
UGC बिल 2026 को लेकर विवाद क्यों?
हालांकि ये नियम सामाजिक न्याय को बढ़ावा देने के लिए लाए गए हैं, लेकिन इसे लेकर देशभर में बहस भी शुरू हो गई है। खासकर जनरल कैटेगरी के छात्रों ने कुछ आपत्तियां उठाई हैं। छात्रों का कहना है कि इक्विटी कमेटी में जनरल कैटेगरी का प्रतिनिधित्व अनिवार्य नहीं किया गया है, जिससे सुनवाई के दौरान असंतुलन पैदा हो सकता है। इसके अलावा, नए नियमों में फर्जी या झूठी शिकायतों पर सजा को लेकर कोई स्पष्ट प्रावधान नहीं है। छात्रों को डर है कि बिना ठोस सबूत के शिकायतें किसी के भविष्य को नुकसान पहुंचा सकती हैं।
क्यों बनाए नए नियम?
इन नए नियमों को लाने की जरूरत इसलिए पड़ी क्योंकि सुप्रीम कोर्ट ने खुद UGC को सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए थे। साल 2025 में कोर्ट ने रोहित वेमुला और पायल तड़वी से जुड़े मामलों की सुनवाई के दौरान कहा था कि उच्च शिक्षा संस्थानों में जातिगत भेदभाव रोकने के लिए मौजूदा नियम नाकाफी हैं। कोर्ट ने UGC को आठ हफ्तों के भीतर नए और प्रभावी नियम बनाने को कहा था।
हैदराबाद यूनिवर्सिटी के शोध छात्र रोहित वेमुला और मुंबई के एक मेडिकल कॉलेज की छात्रा पायल तड़वी ने कथित तौर पर जातिगत उत्पीड़न से परेशान होकर आत्महत्या कर ली थी। इन दोनों मामलों में छात्रों की माताओं ने सुप्रीम कोर्ट में जनहित याचिका (PIL) दाखिल की थी। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने साफ कहा कि साल 2012 में बनाए गए पुराने नियमों को अपडेट करना जरूरी है और कॉलेजों व यूनिवर्सिटियों में भेदभाव रोकने के लिए मजबूत और जवाबदेह व्यवस्था बनाई जानी चाहिए।
क्या कहते आंकड़े
इन मामलों की सुनवाई के दौरान UGC ने सुप्रीम कोर्ट में एक रिपोर्ट भी पेश की थी, जिसमें उच्च शिक्षा संस्थानों में जातिगत भेदभाव से जुड़ी शिकायतों के आंकड़े शामिल थे। रिपोर्ट के अनुसार, साल 2017-18 में ऐसे मामलों की संख्या 173 थी, जो 2023-24 तक बढ़कर 378 हो गई। यानी पांच साल में जातिगत भेदभाव की शिकायतों में करीब 118 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
ये आंकड़े खुद UGC के हैं, जिन्हें संसद की समिति और सुप्रीम कोर्ट के सामने रखा गया था। हालांकि रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि 90 प्रतिशत से ज्यादा शिकायतों का निपटारा कर दिया गया, लेकिन इसके बावजूद लंबित मामलों की संख्या लगातार बढ़ी। साल 2019-20 में जहां केवल 18 मामले पेंडिंग थे, वहीं 2023-24 तक यह संख्या बढ़कर 108 हो गई। इन्हीं बढ़ते आंकड़ों और गंभीर मामलों को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया, जिसके बाद UGC को नए नियम लाने पड़े।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































